खाद्य मंत्री ने किया स्टॉल का अवलोकन हितग्राहियों को की सामग्री वितरण
बेमेतरा 20 मई 2025/- सुशासन तिहार-2025 के अंतर्गत बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम प्रतापपुर में आज समाधान शिविर का आयोजन जनकल्याण की एक मजबूत कड़ी के रूप में किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने शिविर में भाग लेकर योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया।
योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ - जनता के हाथ में योजनाओं की सौगात
शिविर के दौरान स्कूली मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर मंत्री बघेल ने उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, नोनी सुरक्षा पासबुक, महिला-बाल विकास योजनाओं के प्रमाण पत्र, और आयुष्मान ‘वय वंदना’ कार्ड प्रदान किए गए। यह विशेष कार्ड वरिष्ठ नागरिकों को देशभर के किसी भी अस्पताल में ₹5 लाख तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान करता है, और इसकी पात्रता में कोई आय सीमा बाधा नहीं है।किसानों को कृषि स्प्रे मशीन, बैटरी चालित ट्रास्किल वितरित किए गए, वहीं प्रधानमंत्री निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण युक्त फूड बास्केट प्रदान की गई।
ग्रामीणों की समस्याओं पर सीधी सुनवाई
प्रतापपुर के हायर सेकेण्डरी स्कूल मैदान में आयोजित इस समाधान शिविर में क्लस्टर प्रतापपुर सहित 15 ग्रामों – जैसे ठेंगाभाट, झांकी, बोईरकचरा, हरदी, नेवसा आदि – से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए। उन्होंने समाधान पेटी में अपनी समस्याएं, शिकायतें और मांगें दर्ज कराईं, जिनका निराकरण मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देकर लाभ भी साझा किए गए।
विभागीय स्टालों का अवलोकन – महिलाओं से संवाद
बघेल ने महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित सामग्रियों को सराहा और समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनकी भागीदारी को प्रेरणादायक बताया। स्वास्थ्य स्टाल पर पहुँचकर उन्होंने स्वास्थ्य जांच और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली।
सरकार की नीतियों का जनहित में क्रियान्वयन – जनजन से जुड़ाव
मंत्री बघेल ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा चलाया जा रहा सुशासन तिहार प्रदेश के कोने-कोने तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्का मकान, धान खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से, बोनस राशि, और माताओं-बहनों के लिए महतारी वंदन योजना जैसी योजनाएँ सामाजिक सुरक्षा की मिसाल हैं।
भ्रष्टाचार पर सख्त रुख – जनता को भरोसा
बघेल ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी हितग्राही को कोई राशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई कर्मचारी या दलाल पैसे की मांग करता है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से निडर होकर अपनी समस्याएं सामने रखने का आह्वान किया।
शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्रीमती दिव्या पोटाई, अजय साहू, पंच-सरपंचगण, जनप्रतिनिधि, और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान शिविर ने यह सिद्ध किया कि शासन अब कागज़ों से निकलकर ज़मीन पर, लोगों के बीच पहुँचा है।