समाधान शिविर में किशोरी बालिकाओं को स्वच्छ मासिक धर्म प्रबंधन की दी जा रही जानकारी...

त्वरित ख़बरें - सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

बेमेतरा- जिला बेमेतरा में सुशासन तिहार-2025 के अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में पहले चरण में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के साथ-साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जा रही है। आमजन को इन योजनाओं से लाभ उठाने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया जा रहा है।इसी क्रम में खंडसरा समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं और महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता से संबंधित जानकारी दी गयी। विभाग की महिला अधिकारियों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बालिकाओं को स्वच्छ मासिक धर्म प्रबंधन के महत्व को सहज और सरल भाषा में समझाया जा रहा है।’मासिक धर्म जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अभी भी समाज में संकोच और चुप्पी का वातावरण है, जिससे महिलाएं अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को खुलकर नहीं बता पातीं। अस्वच्छता के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस चुनौती को ध्यान में रखते हुए शिविर में बालिकाओं को सेनेटरी पैड वितरित किए जा रहे हैं और हीमोग्लोबिन की जांच भी की जा रही है।जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास चंद्रवेश सिसोदिया ने बताया कि किशोरी बालिकाओं को स्वच्छ मासिक धर्म प्रबंधन के लिए न केवल जानकारी दी जा रही है, बल्कि उन्हें शिक्षित भी किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 28 मई को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में “विश्व महावारी स्वच्छता दिवस” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इस विषय पर जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।