बाबा ताजुद्दीन के उर्स में की गईं दुआएं, लंगर में जुटे लोग,चिकित्सा शिविर से भी लाभान्वित हुए सैकड़ों...

त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

भिलाई। हजरत बाबा ताजुद्दीन औलिया रहमतुल्ला अलैहि के भिलाई स्थित आस्ताने पर बाबा की यौम ए पैदाइश का दिन 27 जनवरी पूरी शान और शौकत के साथ मनाया गया। इस दौरान बाबा ताज के आमद की खुशियां मनाते हुए केक काटा गया, जिसे वहां मौजूद सभी अकीदतमंदो एवं जायरीनों में तक्सीम किया गया। हज़रत बाबा ताजुद्दीन औलिया सेवा समिति भिलाई की अध्यक्ष ताज अंजुम ताजी ने औरतों की तकरीर भी रखी थी, जिसमें सिमगा की आलिमा शहाना कादरी नूरी बरकाती ने बाबा ताजुद्दीन की शख्सियत और उस दौर में सभी इंसानों के बीच समाज मे लड़कियों ( बेटियों ) को शिक्षित  बनाने और शिक्षा को बढ़ावा देने की बातों की जानकारी दी। फातिहा ख्वानी के बाद सभी ने मुल्क में अमन व भाई-चारा कायम रहने की दुआएं की। अध्यक्ष हज्जन बदरूनिसा ताजी एवं गद्दीनशीन मोहम्मद सादिक ताजी सहित तमाम लोगों ने खैर ओ बरकत की दुआएं मांगी और इसके बाद लोगों ने आम लंगर में शिरकत की। इस खास मौके पर 26 जनवरी को सिटी हेल्थ केयर मेडिकल मे निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर 11 बजे से 1 बजे तक सैकड़ो लोगो की जाँच की गई एवं बीमारियों से बचने व दवा सही तरह से लेने की सलाह दी गई। डॉक्टर एम. एस. अहमद  ने सभी आगंतुकों की निःशुल्क जाँच की और जरूरी परामर्श दिया। मोहम्मद सादिक ताजी ने बताया की सिटी हेल्थ केयर मेडिकल मे इसी तरह और बड़े पैमाने पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जायेगा।