सिंचाई पंप कनेक्शन से आई किसानों के खेतों में हरियाली कनसिंघी के किसानों को सिंचाई सुविधा के लिए मिली स्थाई विद्युत कनेक्शन

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

गरियाबंद 17 जनवरी 2025/ जिले के छुरा विकासखंड के ग्राम कनसिंघी के तीन किसान फसल सिंचाई की चिंता से मुक्त हुये। पहले उन किसानों के पास सिंचाई सुविधा नहीं होने से वे अपने फसल के सूखने या कम पैदावार की चिंता सताती रहती थी। लेकिन अब सिंचाई पंप में स्थाई विद्युत कनेक्शन लग जाने से सिंचाई की सुविधा में बढ़ोत्तरी हुई है। कनसिंघी के किसान गिरवर नागेश, ऐत राम भुंजिया एवं कल्याण सिंग गोंड़ द्वारा स्थाई सिंचाई पंप कनेक्शन के लिए विद्युत वितरण कंपनी में आवेदन किया गया था। जिस पर उनके आवेदनों का परीक्षण कर स्वीकृति पश्चात् कार्यादेश जारी किया गया। इसके उपरांत विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लाईन विस्तार कार्य पूर्ण करते हुये उनके सिंचाई पंप के लिए विद्युत कनेक्शन प्रदान कर दिया गया। इन उपभोक्ता किसानों को शासन कंपनी के नियमानुसार प्रति कृषक 1 लाख रूपये की छूट प्रदान करते हुये 3 लाख रूपये की छूट प्रदान की गई। जिस पर किसान गिरवर नागेश ने बताया कि हम तीन किसानों ने मिलकर सिंचाई पंप विद्युत कनेक्शन हेतु आवेदन दिया था, जो कि पूर्ण हो चुका है। अब हम अपने खेतों में खरीफ एवं रबी दोनों सीजन में फसल ले सकते है। जिससे हमारी आर्थिक उन्नति और होगी। उन्होंने राज्य शासन और विद्युत वितरण कंपनी को साधुवाद दिया है।