कामरेड शंकर गुहा नियोगी का ३३ वां शहीद दिवस तथा शहीद भगत सिंग का ११७ वां जन्मदिवस मनाने छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

राजनांदगाँव/ कामरेड शंकर गुहा नियोगी का ३३ वां शहीद दिवस तथा शहीद भगत सिंग का ११७ वां जन्मदिवस मनाने छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के श्रमिक व समर्थकगण राजनांदगाँव रेल्वे स्टेशन के पास ऑटो स्टैण्ड में सुबह ९:३० बजे से एकत्रित हुए वहाँ से करीब १२:०० बजे छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा तथा प्रगतिशील सीमेंट श्रमिक संघ के नेतृत्व में रैली प्रारंभ की गई जो पोस्ट आफिस चौक, कामठी लाईन, हलवाई लाईन, गुड़ाखू लाईन, जूनी हटरी से जय स्तंभ चौक, होकर मानव मंदिर चौक से गुरूद्वारा चौक होकर ईमाम चौक फ्लाई ओवर के नीचे सभा के रूप में तब्दील हुए ।

रैली में लाल हरा पोषाक पहने महिला, पुरूष चल रहे थे, नियोगी हत्या काण्ड की दोबारा जांच करो, शहीद शंकर गुहा नियोगी अमर रहे, शहीद भगत सिंग जिन्दाबाद आदि नारे लगा रहे थे ।

सभा की शुरूवात में सभा स्थल पर शहीद शंकर गुहा नियोगी तथा शहीद भगत सिंग, के छायाचित्र में माल्यार्पण कर उपस्थित जन समूह द्वारा मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, क्रांतिकारी गीत के साथ सभा की शुरूवात की गई ।

वक्ताओं ने अपने सम्बोधन में कहा कि, कामरेड शंकर गुहा नियोगी भिलाई के हुडक़ो कार्यालय में २८ सितम्बर १९९१ की रात सोये थे उन्हें गोली मारकर हत्या की गई, ताकि मजदूर आंदोलन को समाप्त किया जा सके, किन्तु वह आंदोलन आज भी जारी है, सी.बी.आई. द्वारा भिलाई सिम्प्लेक्स के मालिक मूलचंद शाह सहित ९ लोगों को आरोपी बनाया गया था, दुर्ग सेशन कोर्ट द्वारा गोली मारने वाले पलटन मल्लाह को फांसी तथा उद्योगपति मूलचंद शाह सहित ५ लोगो को आजीवन कारावास की सजा दी गई थी, इस प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट द्वारा फै सले को बदलते हुए पलटन मल्लाह को आजीवन कारावास तथा बाकी सभी आरोपियों को बरी किया गया, इसलिए हाई कोर्ट के न्यायाधीश से दोबारा जांच कराने संबंधी निवेदन महामहिम् राष्ट्रपति से किये थे, जिस पर राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा छ.ग. सरकार के मुख्य सचिव को समुचित कार्यवाही हेतु पत्राचार किया गया, किन्तु छत्तीसगढ़ सरकार जांच नही करवा रही है, आज की सभा में फिर से वक्ताओं ने निवेदन किये कि, दोबारा जांच करके असली हत्यारों को फांसी दी जायें ।

सभा को छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के भीमराव बागड़े, महाराष्ट्र के पुणा से एक्टू के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड उदय भट्ट, छ.मु.मो. के उपाध्यक्ष ए.जी. कुरैशी, भिलाई से ब्रिजेन्द्र तिवारी, भिलाई से वासुकी प्रसाद उन्मत का, श्यामलाल साहू,  ए.सी.सी. भिलाई से भुवन साहू,  धनंजय शर्मा, मोहम्मद अली, रायपुर से नरोत्तम शर्मा, राजनांदगाँव वंदना मेश्राम, बिलासपुर से प्रदीप कुमार साहू, दक्षिण कोशल के सम्पादक सुशांत कुमार, अभनपुर से हेमंत साहू, बिलासपुर कोटा से प्रदीप साहू, रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र से दिलीप पारकर, भोजराम साहू, अधिवक्ता विरेन्द्र उके, आदि वक्तओं ने सम्बोधित किया ।

सभा के दौरान माननीय मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट बिलासपुर तथा माननीय मुख्य सचिव व माननीय श्रमसचिव मंत्रालय नया रायपुर के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर के प्रतिनिधि को सौपा गया, सभा का संचालन तुलसी देवदास व पूनाराम साहू ने किया । उक्त जानकारी छ.मु.मो. के महासचिव के पूनाराम साहू ने दी ।