छत्तीसगढ़ में दुर्ग-भिलाई के मशहूर सराफा कारोबारी के घर व दुकान पर गुरुवार को डीआरआई (Directorate of Revenue Intelligence) टीम ने दबिश दी। त्वरित खबरें अखबार को मिली जानकारी के अनुसार ज्वेलर्स के घर और गोदाम सहित 5 अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेज खंगाल रही है। डीआरआई टीम की दबिश की सूचना के बाद सुपेला व दुर्ग की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। सेंट्रल ऑर्म्स फोर्स जवानों के साथ पहुंची टीम ने संस्थानों को सील कर दिया है और किसी को भी अंदर और बाहर जाने नहीं दिया जा रहा है। वहीं ज्वेलरी शोरूम संचालक इसे रुटीन जांच बता रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक डीआरआई की टीम ने सहेली ज्वेलर्स के दुर्ग, भिलाई के प्रतिष्ठान व निवास पर छापा मारा है। डीआरआई (Directorate of Revenue Intelligence) टीम गुरुवार की सुबह 8 बजे सबसे पहले सुपेला स्थित सहेली ज्वेलर्स के प्रतिष्ठान पर पहुंची। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर सुपेला थाने की टीम भी पहुंची। भिलाई के सिविक सेंटर के साथ दुर्ग के सराफा बाजार में भी दस्तावेजों की जांच चल रही है। इस पूरी कार्रवाई में डीआरआई की 60 सदस्यों की टीम शामिल हैं। राजस्व की चोरी से जुड़े मामले पर यह कार्रवाई की जा रही है। वहीं डीआरआई द्वारा मीडिया को अभी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। बता दें कि इससे पहले मई माह में इसी टीम ने दुर्ग में प्रकाश सांखला के सांखला ज्वेलर्स में छापेमारी की थी।