रूस में कैद अमेरिकी पत्रकार को 16 साल जेल:जासूसी करने का दोषी ठहराया, 3 दिन कमरे में बंद रखा; बाइडेन बोले- अमेरिकी होने की सजा दी

TVARIT KHABREIN- MOHSIN KHAN REPORTING

रूस की जेल में 479 दिनों से कैद अमेरिकी पत्रकार इवान गेर्शकोविच को 16 साल जेल की सजा सुनाई गई है। रूस की कोर्ट ने इवान को जासूसी के मामले में दोषी ठहराया है। कोर्ट के दस्तावेज के मुताबिक, इवान अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA का एजेंट है, जो रूस के यूराल शहर में एक मिलिट्री टैंक फैक्ट्री की जासूसी करते पकड़ा गया था।


न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, इवान को पहले येकातेरिनबर्ग के यूराल शहर में 3 दिन तक कमरे में बंद किया। इसके बाद उसे कोर्ट के सामने पेश किया गया। इवान को मार्च 2023 में यूराल में रिपोर्टिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था। वह अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल का पत्रकार है। 30 साल पहले शीत युद्ध खत्म होने के बाद यह पहली बार है, जब रूस में किसी अमेरिकी पत्रकार को सजा सुनाई गई है।

कोर्ट के फैसले पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि इवान को इसलिए टारगेट किया गया क्योंकि वह एक अमेरिकी नागरिक है। इससे पहले रूस की फेडेरल सिक्योरिटी सर्विस यानी FSB ने आरोप लगाया था कि इवान ने अमेरिका के कहने पर रूस के मिलिट्री इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स की जानकारी इकट्ठा की थी।