मौसम विभाग की भविष्यवाणी, 13,14,15 जुलाई को होगी मूसलाधार बारिश, Yellow Alert जारी

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार अपने अंदाज में आ गया है। कल यानी 12 जुलाई को अच्छी बारिश के बाद आज फिर से तीन दिनों तक बारिश होने की आशंका है।

राजधानी में हुई सुबह हल्की बारिश हुई। इसके बाद दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। पिछले 24 घंटे में राजधानी में महज 1.5 मिमी पानी गिरा। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मानसून की गतिविधियां सामान्य रही। 13 जुलाई को उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यही स्थिति दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी रहेगी। बाकी स्थानों पर बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।

येलो अलर्ट जारी

दिनभर बादल छाए रहने के कारण रायपुर के अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आया और 33.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था। सुबह साढ़े 7 बजे 10 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद दिनभर बौछारें भी नहीं पड़ीं। हालांकि इसके बावजूद उमस थोड़ी कम थी। इससे लोगों को राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक चक्रवाती घेरा पूर्वी बिहार व उसके आसपास बना हुआ है। यह समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर है। आगामी 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर तीन दिनों तक अच्छी बारिश से मध्यम वर्षा होने के आसार है। कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है। रायपुर में भी पानी गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिय है।

पसान में मूसलाधार बारिश

पिछले 24 घंटे में पसान में 9 सेमी पानी बरस गया। अंबिकापुर में 8, चांदो में 7, बारसूर व भैसमा में 6, मनेंद्रगढ़ में 5, जांजगीर, चांपा में 4 सेमी बारिश रिकार्ड की गई। इसी तरह दुलदुला, दर्री, करतला, कोरबा, सूरजपुर, भैरमगढ़, हरदीबाजार, गीदम, कटघोरा में 3, ओडगी, कवर्धा, प्रेमनगर, लखनपुर, सोनहत व कई स्थानों पर 3-3 सेमी पानी बरस गया।