कलेक्टर ने आमजनों की समस्याओं का गंभीरता पूर्वक निराकरण करने के दिये निर्देश...

त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

कलेक्टर  एस जयवर्धन ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में आमजनों की शिकायतो, समस्याओं और मांगों को सहानुभूतिपूर्वक सुना। कलेक्टर ने जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं को सुनने के साथ ही नियमानुसार कार्यवाही करें। कलेक्टर जनदर्शन में आज 24 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभाग में भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है।कलेक्टर जनदर्शन में आज कुंजामटोला के समस्त ग्रामवासीयों ने अपने गांव में नेटवर्क की समस्या से अवगत कराते हुए आवेदन प्रेषित किया। उन्होंने अपने गांव में जियो टावर लगाने की मांग की हैं। उन्होंने बताया कि नेटवर्क समस्या होने के चलते सार्वजनिक वितरण प्रणाली में राशन लेते समय मशीन में हितग्राही का फिंग्गर के लिए यहां-वहां भटकना पड़ता है। इसी प्रकार अं.चौकी निवासी अक्षय लाल ने उनकी माता की मृत्यु हो जाने पर अनुकम्पा नियुक्ति देने के संबंध में आवेदन प्रेषित किया है। आवेदक ने बताया कि उनकी माता शिक्षा विभाग में प्रधानपाठक के पद पर पदस्थ थी। उनकी माता की मृत्यु सेवा काल में हो गया है। उन्होंने आवेदन देते हुए बताया कि मेरे घर की अर्थिक स्थिति अत्यन्त खराब हैं, मुझे जल्द-से-जल्द अनुकम्पा नियुक्ति दिया जाये। इसी प्रकार ग्राम खुर्सीपार निवासी मति मंजू श्याम ने अपने पति स्व.विजय श्याम के निधन के बाद उनकी पेंशन प्रकरण का शीघ्र निराकण किये जाने के संबंध में आवेदन दिया है। इसी प्रकार ग्राम खड़बत्तर वि.ख.मोहला के समस्त ग्राम वासियों ने ग्राम से लेकर मोहला जाने वाले मुख्य मार्ग की स्थिति अत्यन्त खराब होने के कारण हमें आने-जाने में कई समस्याओं का समना करना पड़ता हैं, संबंधित समस्या से अवगत कराते हुए आवेदन प्रेषित किया गया है। इसी प्रकार अन्य आवेदको ने अपने आवेदन के माध्यम से अपने समस्याओं से निजात पाने कलेक्टर से गुहार लगायी है।