छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में सतनामी समाज के उग्र प्रदर्शन के बाद कांग्रेस की ओर से जैतखाम में तोड़फोड़ के लिए जांच कमेटी बनाई गई है.भूपेश सरकार में मंत्री रहे शिवकुमार डहरिया के नेतृत्व में सात लोगों की कमेटी इस पूरे मामले की जांच करेगी और इसकी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी. छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज की ओर से कमेटी गठित की गई है. इस कमेटी में भूपेश सरकार में पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया (संयोजक), पूर्व मंत्री गुरु रुद्र कुमार, कसडोल विधायक संदीप साहू, बिन्द्रनवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव, पूर्व विधायक पद्मा मनहर, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शैलेंद्र नितिन त्रिवेदी और बलौदा बाजार के जिला अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर शामिल हैं. कमेटी के लोगों से कहा गया है कि ये सदस्य अविलंब प्रभावित स्थल का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात कर घटना की वस्तुस्थिति से अवगत होकर अपना प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजें.