बिहार में शुरू हुआ वशीकरण का नया खेल, बेटी को प्रेमी से मिलाने...तो मां को प्रेम संबंध तुड़वाने का झांसा

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

आपके प्रेमी से आपकी शादी हो जाएगी, क्या आपको वशीकरण करवाना है? वास्तु व पितृ दोष की वजह से परिवार में मृत्यु का योग बन रहा है. इस तरह का भय दिखाकर लोगों से ऑनलाइन ठगने वाले एक बड़े गैंग का मुजफ्फरपुर साइबर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. मुजफ्फरपुर पुलिस ने दरभंगा में छापेमारी कर तीन ठगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में दरभंगा के अशोक पेपर मिल थाना के मनोरथा का प्रेम कुमार देव, लक्ष्मण लाल देव और मुजफ्फरपुर के कटरा थाना के तेहवाड़ा का नागेंद्र कुमार लाल शामिल हैं.

वर्तमान में नागेंद्र कुमार लाल दरभंगा में रह रहा था. गैंग के शातिर मुजफ्फरपुर के पानापुर करियात में एक घर में पहुंचकर प्रेमिका को प्रेमी से शादी कराने की गारंटी देकर 25 हजार और उसकी मां को बेटी का प्रेम-प्रसंग खत्म कराने की गारंटी देकर 45 हजार ठग चुका है.

सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद एक्शन में आई पुलिस
पुलिस को एक सीसीटीवी हाथ लगी थी, जिसके बाद साइबर पुलिस और सिटी एसपी अवधेश दीक्षित के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई की. कांड प्रतिवेदित होने के महज 24 घंटे के भीतर घटना में संलिप्त मुख्य सरगना प्रेम कुमार देव को दरभंगा से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के बाद उसके सहयोगी लक्ष्मण लाल देव, नागेन्द्र कुमार लाल को कटरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 34,700 नगद रुपए, सोने की दो चैन, ठगी में इस्तेमाल कार और रंग-बिरंगे पत्थर बरामद किए गए हैं.