राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर की अपकमिंग फिल्म 'बधाई दो' की नई रिलीज डेट सामने आ गई है। इस बात की जानकारी मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर दी है। पहले यह फिल्म 28 जनवरी 2022 को रिलीज होनी थी, लेकिन अब इसे 4 फरवरी 2022 को रिलीज किया जाएगा। जंगली पिक्चर्स ने पोस्ट शेयर कर लिखा, "रिलीज शेड्यूल में बदलाव के कारण बधाई दो की रिलीज डेट 4 फरवरी 2022 कर दी गई है। अब यह फिल्म प्यार के महीने में आ रही है और इससे अच्छा तरीका महीने की शुरूआत का हो ही नहीं सकता।" जंगली पिक्चर्स के प्रोडक्शन तले और हर्षवर्धन कुलकर्णी के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में राजकुमार और भूमि के अलावा सीमा पहवा, शीबा चड्ढा, लवलीन मिश्रा, नीतेश पांडे और शशि भूषण जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। फिल्म में राजकुमार राव एक महिला पुलिस थाने के पुलिस अधिकारी के किरदार में, जबकि भूमि पेडनेकर एक स्कूल की पीटी टीचर की भूमिका में नजर आएंगी।
विजय देवरकोंडा ने माइक टायसन के साथ शुरू की 'लाइगर' की शूटिंग
साउथ फिल्मों के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'लाइगर' की शूटिंग में बिजी हैं। विजय और अनन्या पांडे अपनी इस फिल्म की शूटिंग के लिए हाल ही में पूरी टीम के साथ अमेरिका पहुंचे हैं। जहां फिल्म स्टार विजय की भिड़ंत महान बॉक्सिंग चैंपियन माइक टायसन से होने वाली है। इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। अब अमेरिका पहुंचते ही फिल्म स्टार विजय देवरकोंडा ने माइक टायसन के साथ अपनी पहली फोटो शेयर की है। इस फोटो को शेयर करते हुए विजय देवरकोंडा ने लिखा, "ये मेरा प्यार हैं। मैं इनके साथ बिताए हर पल को याद बना रहा हूं और ये हमेशा के लिए बेहद खास रहने वाला है। लाइगर वर्सेज द लीजेंड। जब मैं आयरन माइक टायसन के सामने पहली बार आया।" बता दें कि पुरी जगन्नाथ के निर्देशन में बन रही इस एक्शन ड्रामा फिल्म को करन जौहर और चार्मी कौर को-प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म को मेकर्स कुल 5 भाषाओं हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज करेंगे।