बॉलीवुड एक्ट्रेस अमृता राव और उनके पति आरजे अनमोल उर्फ अनमोल सूद ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी लव स्टोरी का खुलासा किया और बताया कि कैसे अनमोल ने अपने रेडियो शो के बीच में थे और शूटिंग से लौटने के बाद अमृता उनके शो को सुन रही थीं। साथ ही अनमोल ने यह भी बताया कि उन्होंने अमृता को अपने लाइव रेडियो शो के दौरान प्रपोज किया था। दोनों ने अपनी लव स्टोरी को रीक्रिएट किया है।
अनमोल ने बताया कि कैसे किया था उन्होंने अमृता को प्रपोज
अनमोल ने वीडियो में उसी मौके को रीक्रिएट किया है जब उन्होंने लाइव शो के दौरान अमृता के लिए अपने प्यार का इजहार किया था। इस वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे अमृता, अनमोल का लाइव शो सुन रही थीं और फिर उसी समय अनमोल ने उन्हें प्रपोज कर दिया था। साथ ही अनमोल ने यह भी बताया कि उन्होंने अमृता को प्रपोज करने के लिए उनके फेवरेट सॉन्ग 'चांदनी रात' बजाया था।
अनमोल ने कहा, "माइक ऑन और 'आज की रात मैं अपनी दिल की बात उससे कहने वाला हूं जो सुन रही है इस वक्त'। और मैंने उसे रेडियो पर लाइव प्रपोज किया।" और उनसे कहा कि अगर वो भी ऐसा ही महसूस करती है तो वो उन्हें फोन करें।
अमृता ने लिखा प्यार भरा कैप्शन
अमृता ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है और लिखा है, "कभी किसी को प्रपोज किया है? यह आसान नहीं है, अच्छे-अच्छों की बोलती बंद हो जाती है। और वो भी किसी फिल्म स्टार को प्रपोज करना हो तो? अनमोल ने मुझे प्रपोज किया, सबसे अनएक्सपेक्टेड और यूनीक स्टाइल में।"
2016 में की थी दोनों ने शादी
अमृता और अनमोल कई सालों तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 2016 में शादी के बंधन में बंध गए थे। अमृता ने पिछले साल नवंबर में अपने पहले बच्चे वीर को जन्म दिया है। अमृता ने 'विवाह', 'मैं हूं ना', 'इश्क-विश्क' जैसी फिल्मों में काम किया है। 39 साल की अमृता की पिछली फिल्म 'ठाकरे' थी जो कि 2019 में रिलीज हुई थी।