राजनांदगांव । पंडित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। चयन परीक्षा रविवार 10 मार्च 2024 को दोपहर 12 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक परीक्षा केन्द्र एकलव्य आदर्श विद्यालय पेण्ड्री राजनांदगांव में आयोजित की गई है। परीक्षा में शामिल होने के लिए इच्छुक विद्यार्थी संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं जिला कार्यालय से संपर्क कर आवेदन पत्र अपने अध्ययनरत शाला में 25 जनवरी 2024 तक जमा कर सकते है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि परीक्षा में शामिल होन के लिए विद्यार्थी को छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना आवश्यक है। विद्यार्थी छत्तीसगढ़ राज्य में मान्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग का हो। जिसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी स्थाई जाति प्रमाण-पत्र धारक होना चाहिए। परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित किसी मान्यता प्राप्त संस्था में कक्षा पांचवी में नियमित रूप से अध्ययनरत हो तथा कक्षा 4थीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थी चयन परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। विद्यार्थी के पिता व पालक की समस्त स्त्रोतों से वार्षिक आय 2 लाख 50 रूपए से अधिक न हो। इसके लिए आय प्रमाण-पत्र एवं निर्धारित प्रपत्र में पालक का स्वघोषणा पत्र होना चाहिए। योजना अंतर्गत विद्यार्थियों का चयन पूर्णत: ग्रामीण क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों से किया जायेगा अर्थात ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत तथा नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों से कक्षा 4थी उत्तीर्ण करने वाले छात्र ही योजना का लाभ लेने हेतु पात्र होंगे। नगर पालिका तथा नगर निगम क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी योजना का लाभ लेने हेतु पात्र नहीं होंगे ।