दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बार्डर पर लखबीर सिंह की बर्बर हत्या के बाद निहंग सिंह सरबजीत सिंह ने सरेंडर किया। दैनिक भास्कर से बातचीत में निहंग सिख सरबजीत सिंह ने कहा कि बेअदबी करते जो भी पकड़े जाएंगे, उन्हें इसी तरह सजा दी जाएगी। वह सरकार और कानून पर भरोसा नहीं करते।
यह भी दावा किया है कि 20 लोग पंजाब से बेअदबी की घटनाएं करने के लिए भेजे गए हैं और उन्हें 30 हजार रुपए दिए गए। सरबजीत सिंह ही नहीं दूसरे निहंगों ने भी चेतावनी देते हुए कहा कि धर्म को लेकर राजनीति न की जाए, नहीं तो अंजाम सभी ने देख लिया।
लखबीर की हत्या के मामले में सरेंडर करने वाले निहंग सिख सरबजीत सिंह।
सरबजीत सिंह के अनुसार मारा गया लखबीर सिंह देर रात 3 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब को उठाकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। उसने वहां पड़े रुमाला साहिब को बिखेर दिया। मैं मौके पर पहुंचा और उसे दबोच लिया। लखबीर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब लेकर उनका दोबारा से प्रकाश किया गया। निहंग सिख ने यह भी कहा कि इस मामले में किसानों या संयुक्त किसान मोर्चा का कोई लेना देना नहीं है। मोर्चा की तरफ से पल्ला झाड़ लेने पर उनकी ओर से कहा गया है कि मोर्चा हमेशा से उनसे अलग रहा है। सरबजीत ने कबूला कि उसने ही मृतक लखबीर की बाजू और टांग काटी। इसके बाद कुंडली थाने से पहुंची पुलिस के समक्ष सरबजीत ने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया था केस
शुक्रवार सुबह 5 बजे लखवीर सिंह का शव संयुक्त किसान मोर्चा की स्टेज के पास लटका मिला। 4 घंटे तक शव वहीं लटका रहा। कई वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। शुक्रवार शाम को इस मामले में एक निहंग सिख ने आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
निहंग सिखों ने सरबजीत सिंह के सरेंडर से पहले गुरबाणी पाठ किया।
वीडियो के आधार पर हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
पुलिस मामले में अभी कुछ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस ने 302, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। साफ है कि हत्या में दो या इससे ज्यादा लोग शामिल थे। ऐसे में पुलिस कुछ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर सकती है। वीडियो के आधार पर यह कार्रवाई हो सकती है। इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं, सरबजीत सिंह से पूछताछ की जा रही है।