विश्व वयोवृद्ध दिवस पर जिले में किया जाएगा स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन

त्वरित ख़बरें - माइकिंग, बैनर-पोस्टर के माध्यम से जन समुदाय को किया जाएगा जागरूक

विश्व वयोवृद्ध दिवस पर जिले में किया जाएगा स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन

दंतेवाड़ा 22 सितम्बर। विश्व बुजुर्ग दिवस के मौके पर जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य जांच एवम  जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस सम्बंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दन्तेवाड़ा द्वारा जिले के सभी बीएमओ व बीपीएम को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं। प्रत्येक वर्ष 01 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के रूप में मनाया जाता है। समान्यतः वृद्धावस्था में शरीर के कमजोर होने के साथ ही कई प्रकार की बीमारियां विशेषकर मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मनोभ्रंश, अल्जाइमर, हृदय रोग, कान, आंख इत्यादि रोगों से ग्रसित होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में जिलेवासियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व वृद्ध दिवस के अवसर पर समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में स्पेशल वयोवृद्ध स्वास्थ्य देखभाल ओपीडी की सेवा प्रदान की जाएगी। 

इस बारे में सीएमएचओ जी.सी. शर्मा ने बताया, ”अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पूरे विश्व में मनाया जाने वाला महत्त्वपूर्ण दिवस है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 1 अक्टूबर 2021 को यह दिवस जिले के स्वास्थ्य संस्थाओं में मनाया जाना है। इस दौरान विशेष रूप से बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच और उपचार के साथ ही बीमारियों से बचाव के उपाय एवं खानपान से संबंधित उचित सलाह भी दी जाएगी। उम्र बढ़ने के बाद बुजुर्गों को अधिक देखभाल की जरूरत पड़ती है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है शरीर में रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर होने लगती है। इसी वजह से बढ़ती उम्र में कई बीमारियां भी घेर लेती हैं ।,इसी के बचाव तथा जागरूकता के उदेश्य से अंतर्राष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया, वयोवृद्ध दिवस के अवसर पर जनसमुदाय में स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी देने और उन्हें जागरूक करने हेतु साप्ताहिक प्रचार प्रसार अभियान चलाया जाएगा। ऐसे परिवार जहां वयोवृद्ध व्यक्ति निवास करते हैं उनके परिवार के सदस्यों को वृद्ध व्यक्ति के देखभाल के लिये स्वास्थ्य परामर्श प्रदान भी किया जाएगा। उन्होंने जानकारी देतें हुए बताया, वर्तमान में कोविड-19 की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन करने के लिये सभी ब्लॉक प्रमुखों को निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों में बुजुर्गों के आने जाने और बैठक में किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिये निःशुल्क सहायक साधन की व्यवस्था भी करने का निर्देश दिया गया है।“

माईकिंग व बैनर पोस्टर के माध्यम से किया जाएगा जागरूक:

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशानिर्देशानुसार वयोवृद्ध स्वास्थ्य संरक्षण पर आधारित जिला एवं विकाखण्ड स्तर पर जन समुदाय में जागरूकता लाने हेतु माइकिंग, बेनर, पोस्टर , ऑडियो-वीडियो, पाम्पलेट, दीवाल लेखन का कार्य किया जाएगा साथ ही रेडियो एवं टीवी पर मौखिक वार्तालाप कर स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी दी जाएगी।