मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ का कोलकाता में निधन

त्वरित खबरे

1 जून 2022

गायक को दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 10 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तमाम हस्तियों के अलावा दिग्गज नेताओं ने भी केके के निधन पर शोक व्यक्त किया।

कोलकाता: मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ का मंगलवार रात कोलकाता में निधन हो गया। केके नाम से मशहूर कृष्णकुमार कुन्नथ 53 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। केके ने अपने करियर में कई हिट गीत दिए। उनकी मौत की खबर से बॉलीवुड के अलावा उनके फैंस में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर तमाम हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।

केके ने अपने करियर में कई हिट गीत दिए। 'यारों', 'तड़प तड़प के', 'बस एक पल', 'आंखों में तेरी', 'कोई कहे', 'इट्स द टाइम टू डिस्को' आदि केके के मशहूर गीतों में शुमार हैं। एक कॉलेज ने दक्षिण कोलकाता के 'नजरुल मंच' में मंगलवार को एक समारोह का आयोजन किया था। वहां करीब एक घंटे तक प्रस्तुति देने के बाद जब केके अपने होटल लौटे, तो वह असहज महसूस कर रहे थे और अचानक बेहोश हो गए।

उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि गायक को बीच कॉन्सर्ट में कुछ महसूस हुआ, जिसके बाद उन्हें वापस ले जाया गया। गायक को दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 10 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों को संदेह है कि उनकी मौत हृदय गति रुकने के कारण हुई। सोशल मीडिया पर कई हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।