25 मई 2022
सलमान खानइन दिनों अपकमिंग मूवी 'कभी ईद कभी दिवाली' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म की कास्टिंग में जबरदस्त फेरबदल देखने को मिल रहे हैं। हर दिन नए-नए अपडेट सामने आ रहे हैं। हाल ही में खबर आई कि सलमान ने अपने जीजा आयुष शर्माको फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा गया है। ये भी बताया गया कि डायरेक्टर फरहाद सामजी संग मतभेद के कारण 'भाईजान' ने डायरेक्शन की कमान भी संभाल ली है और वो टीम के साथ बैठकर इसे पैन इंडिया लेवल की मूवी बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं। यही वजह है कि वो अपनी फिल्म में साउथ स्टार्स को कास्ट करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अब खबर आ रही है कि वेंकटेश और पूजा हेगड़े के बाद तेलुगू ऐक्टर जगपति बाबू को कास्ट कर लिया गया है और वो अगले महीने से 'दबंग खान' संग शूटिंग भी शुरू कर देंगे।
सलमान खान की पिछली फिल्मों ने भले ही बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों की कमाई की है, लेकिन जिस तरह से 'बाहुबली' के बाद साउथ की फिल्मों ने एक अलग मुकाम हासिल किया है, भाईजान भी कुछ वैसा ही करने की सोच रहे हैं। वो पैन इंडिया लेवल की फिल्म बनाने की सोच रहे हैं और इसी वजह से 'कभी ईद कभी दिवाली' की कास्टिंग में हर दिन नए-नए फेरबदल हो रहे हैं।
अपनी पसंद के ऐक्टर्स चुन रहे हैं सलमान
बॉलिवुड हंगामा के सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान अपनी टीम के साथ बैठे और अपनी पसंद के ऐक्टर्स को चुना। उन्होंने साउथ स्टार्स में पहले पूजा हेगड़े को सिलेक्ट किया और फिर अपने करीबी दोस्त वेंकटेश की एंट्री करवाई। अब उन्होंने तेलुगू ऐक्टर जगपति बाबू को बोर्ड किया है।
'दबंग 3' में होते जगपति बाबू!
आपको बता दें कि जगपति बाबू पहले 'दबंग 3' का हिस्सा बनने वाले थे, लेकिन उस समय डेट क्लैश होने की वजह से वो फिल्म में काम नहीं कर पाए थे। 'दबंग 3' में साउथ ऐक्टर किच्चा सुदीप नजर आए थे। बताया जा रहा है कि टीम चाहती है कि फिल्म में आइडल विलन हो, जिसकी सलमान और वेंकटेश संग फाइट देखकर ऑडियंस को मजा आ जाए, इसलिए उन्हें जगपति से बेहतर कोई और स्टार इस किरदार के लिए नहीं सूझा।
आयुष शर्मा हुए बाहर
'अंतिम' के बाद सलमान खान और आयुष शर्मा इस मूवी में भी साथ नजर आने वाले थे, लेकिन खबरों के मुताबिक, अब वो इस मूवी का हिस्सा नहीं हैं। अब उनका किरदार जस्सी गिल निभाएंगे। दावा किया जा रहा है कि फरहाद सामजी संग क्रिएटिव कॉन्फ्लिक्ट की वजह से आयुष ने फिल्म छोड़ने का फैसला लिया।