हॉलीवुड सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री नहीं, एक शहर है। एक ऐसा शहर जो जाना जाता है अपनी फिल्मों के लिए। कोई 125 साल पहले तक यहां कुछ नहीं था। बस कुछ खेत थे। एक अमेरिकन जोड़े ने इसे खरीदा। खरीदने वाली महिला ने इसे नाम दिया हॉलीवुड। लोकेशन खूबसूरत थी, पहाड़ थे, अच्छा लैंडस्कैप था, तो फोटोग्राफी के लिए लोग यहां आने लगे और धीरे-धीरे यहां फिल्मों की शूटिंग भी शुरू हो गई।
1910 का जमाना था, जब अमेरिका में भी मूक फिल्में ही बनती थीं। पहली फिल्म "इन ओल्ड कैलिफोर्निया" यहां शूट हुई और फिर सिलसिला चल पड़ा। एक गांव की तरह बस रहा हॉलीवुड बड़ा रूप लेने लगा। आज हॉलीवुड वो जगह बन चुका है जहां हर साल तकरीबन 700 फिल्मों की शूटिंग होती है और ये फिल्में दुनियाभर में करीब एक लाख करोड़ रुपए का बिजनेस भी करती हैं।