दंतेवाड़ा 25 अप्रैल
छत्तीसगढ़ में दक्षिण बस्तर के सबसे मुख्य शहर दंतेवाड़ा जिले के गीदम में 3 साल के बाद मेला भरेगा। जिसकी तैयारियां की जा रही है। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का छत्र आज शाम गीदम आएगा। हारम पारा में माता के छत्र की पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की जाएगी। जिसके बाद छत्र को गीदम के ही देवी स्थल पर रखा जाएगा। दूसरे दिन नगर परिक्रमा करवाई जाएगी। साथ ही शीतला माता समेत 100 से ज्यादा क्षेत्रीय देवी-देवताओं के देव विग्रह भी मेला में शामिल होंगे। 3 साल के बाद पहली बार झूला भी लग रहा है।
गीदम के पुराने बस स्टैंड के सामने स्थित मैदान में मीना बाजार लग रहा है। इसी जगह पर झूले लग रहे हैं। अच्छी बात यह है कि इस बार मेला में दुकान लगाने आए व्यापारियों से नगर पंचायत किसी तरह से कोई भी टैक्स नहीं लेगा। गीदम नगर पंचायत की अध्यक्ष साक्षी रवीश सुराना ने बताया कि दो साल कोरोना महामारी और एक साल किसी वजह से गीदम का मेला नहीं भर पाया था। हालांकि, सालों से चली आ रही परंपरा अनुसार विधि-विधान से पूजा-पाठ जरूर किए गए थे। उन्होंने बताया कि, इस बार जितने भी व्यापारी दुकान लगाने आए हैं उनसे किसी तरह से कोई टैक्स नगर पंचायत नहीं वसूलेगा।
पुराने बस स्टैंड के सामने झूले लग रहे हैं।
यदि नगर पंचायत के कोई भी कर्मचारी किसी भी दुकानदार से पैसे वसूलते हैं तो व्यापारी इसकी शिकायत नगर पंचायत में कर सकते हैं। साथ ही हर दुकानदारों को पुलिस थाना के लगभग 2 मोबाइल नंबर दिए जा रहे हैं। ताकि मेला स्थल पर कोई भी विवाद हो तो उसकी शिकायत तुरंत पुलिस थाना में की जा सके। उन्होंने बताया कि इस बार झूले के लिए VIP पास बनाने की प्रक्रिया पूरी तरह से खत्म कर दी है। यानी अब भले ही नगर पंचायत के कर्मचारी, अधिकारी या नेता हो सभी को टिकट लेकर ही झूला झूलना पड़ेगा। जिससे विवाद की स्थित नहीं होगी। गीदम में हर साल मार्च या फिर अप्रैल महीने में मेले का आयोजन किया जाता है। मगर कोरोना के चलते पिछले 3 साल से नहीं हो पा रहा था। लेकिन इस बार फिर से यहां आयोजन किया जा रहा है।
आज रात होगा माता का जगराता
मेला समिति के सदस्यों ने बताया कि देवी-देवताओं के छत्र और देव-विग्रह के साथ आए पुजारियों को सम्मान के रूप में स्मृति चिन्ह भी भेंट किए जाएंगे। वहीं आज रात गीदम के पुराने बाजार स्थल पर मेला समिति ने माता के जगराता का भी आयोजन किया है। बस्तर के प्रसिद्ध खत्री म्यूजिकल ग्रुप के गायक भक्ति गीतों का समां बांधेंगे। जिसकी तैयारी की जा रही है। 24 और 25 तारीख को मेले में जबरदस्त रौनक रहेगी। नगर पंचायत के पार्षद और मेला समिति के सदस्य व्यवस्था बनाने जूट गए हैं। वहीं साई समिति के सदस्य भी मेला में व्यवस्था बनाने अपनी मदद करेंगे।