बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस सायरा बानो अपने पति एक्टर दिलीप कुमार के निधन के बाद अपने में ही रहती हैं और लोगों से कम मिलती-जुलती हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में बातचीत के दौरान जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि दिलीप साहब के जाने के बाद उन्हें गहरा सदमा लगा है और उन्हें इससे निकलने में थोड़ा समय लगेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपनी लाइफ में दिलीप साहब की कमी बहुत खलती है।
सायरा को आती है दिलीप कुमार की याद
सायरा कहती हैं, "मैं बहुत परेशान हूं। मैं इस नुकसान से बाहर नहीं निकल पा रही हूं। मैं कैसे इससे उबर सकती हूं। मैं सब कुछ बहुत खुशी-खुशी से कर रही थी। हम दोनों साथ में थे और सब कुछ ठीक था। मुझे साहब के साथ घर पर रहना अच्छा लगता था। खैर, मैं कही बाहर घूमने वाली या फिर पार्टी करने वाली व्यक्ति नहीं हूं।"
करीबी दोस्तों के अलावा किसी से नहीं मिलती हैं सायरा
सायरा आगे कहती हैं, "आज मैं घर से बाहर तक नहीं निकलना चाहती हूं। मुझे नहीं पता। शायद तब तक जब तक मैं इससे बाहर नहीं आ जाती, क्योंकि अब बाहर निकलने का कोई मतलब नहीं है। सच कहूं तो, मैं लोगों के साथ घुल-मिल नहीं रही हूं। मैं शायद सिर्फ अपने करीबी दोस्तों के साथ ही मिल रही हूं।"
सायरा कर रही हैं मेडिटेशन और प्रेयर
सायरा ने कहा, "मैं खुशकिस्मत हूं कि बहुत सारे लोग मेरे बारे में इतने परेशान हैं। लेकिन अभी के लिए, मैं बहुत मेडिटेशन और प्रेयर कर रही हूं। मैं जानती हूं कि इसी तरह की परिस्थितियों में और भी लोग रहे हैं और उस दौर से बाहर भी आए हैं, लेकिन शायद मेरा दिलीप साहब से कुछ ज्यादा ही लगाव था, जिस वजह से मुझे इससे बाहर आने में समय लग रहा है।"
7 जुलाई को हुआ था दिलीप कुमार का निधन
सायरा बानो के पति और स्क्रीन आइकन दिलीप कुमार का लंबी बीमारी के बाद 7 जुलाई को 98 साल की उम्र में निधन हो गया था। इसके बाद से सायरा अकेली हो गई हैं। 'सगीना' और 'गोपी' सहित कई फिल्मों में एक साथ काम करने वाली दिलीप और सायरा की जोड़ी ने 1966 में शादी की थी।
सायरा बानो ने 'जंगली' से किया था एक्टिंग डेब्यू
सायरा ने 1961 में आई शम्मी कपूर की फिल्म 'जंगली' से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 'ब्लफ मास्टर', 'झुक गया आसमान', 'आई मिलन की बेला', 'प्यार मोहब्बत', 'विक्टोरिया नंबर 203', 'आदमी और इंसान', 'रेशम की डोरी', 'शगिर्द' और 'दीवाना' जैसी कई फिल्मों में काम किया।