दुर्ग जिला मुख्यालय में 52 यूनिट की क्षमता वाला जी प्लस थ्री ट्रांजिट हॉस्टल भवन बनकर तैयार हो गया है। कलेक्टर डॉ. एसएन भुरे ने इसका गुरुवार शाम को निरीक्षण किया। कलेक्टर ने भवन में सामान्य बचे कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दुर्ग जिले में आगमन हो सकता है। उसी दौरान वह इस भवन का लोकार्पण करेंगे।
पीडब्ल्यूडी ईई अशोक श्रीवास ने बताया कि ट्रांजिट हॉस्टल बनकर तैयार हो गया है। इसके बन जाने से ट्रांसफर पर जिले में आने वाले अधिकारियों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। जब तक उन्हें आवास अलॉट नहीं होता वह हॉस्टल में ठहर सकेंगे। इस हॉस्टल का संचालन पीडबल्यूडी के द्वारा किया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन में फर्नीचर आदि सुविधाओं के संबंध में और मेंटेनेंस के संबंध में आवश्यक निर्देश पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने भवन निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सराहना की और कहा कि अब अधिकारियों के लिये यहां रहने में सुविधा होगी। इसके परिसर के लिए लैंडस्केपिंग के संबंध में उन्होंने कोनोकार्पस के पौधे लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परिसर में जितनी ज्यादा ग्रीनरी होगी, लोगों के लिए यहां रहवास उतना ही सुखद होगा। कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री ट्रांजिट हॉस्टल के लोकार्पण के साथ ही जिला अस्पताल से जुड़ी अधोसंरचनाओं और प्रयास हास्टल का लोकार्पण भी करेंगे।
हर यूनिट में होगी विशेष सुविधा
पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता अशोक श्रीवास ने बताया कि हर एक यूनिट में ड्राइंग रूम, बेडरूम, किचन और गैलरी आदि की सुविधा होगी। इससे घर अलॉट होने तक रहने के लिए एक अच्छा आवास अधिकारियों को मिल पाएगा।