राजनांदगांव। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले में नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी, जबकि परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।
जिले में परीक्षा के लिए कुल छह केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1982 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए 20 जून को सभी केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा प्रबंधों, तकनीकी व्यवस्थाओं, प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा।
बैठक में केंद्राध्यक्षों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापन, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित संधारण एवं वितरण, सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी से संबंधित सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी केंद्राध्यक्षों से बेहतर समन्वय के साथ परीक्षा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे।