गिरिराज सिंह को जनता की तकलीफ नहीं दिख रही, मोदी सरकार 12 साल में वादे पूरे करने में विफल: कांग्रेस

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर@  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर किए जा रहे दावों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों के दावों को "झूठ का पुलिंदा" बताते हुए कहा कि लगातार तीन कार्यकाल तक सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा देशवासियों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है।

दीपक बैज ने कहा कि रोजगार, अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मोदी सरकार की नीतियां विफल साबित हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का दावा करती है, लेकिन प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल नहीं हो पाया है।

कांग्रेस ने दावा किया कि रुपये की कीमत लगातार गिर रही है और वैश्विक स्तर पर भारत की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है। बैज ने कहा कि देश की विकास दर कोविड-19 महामारी के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है, जबकि "मेक इन इंडिया" अभियान अपेक्षित परिणाम देने में असफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयात पर निर्भरता बढ़ी है, घरेलू उद्योग प्रभावित हुए हैं और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की स्थिति लगातार खराब हुई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सवाल करते हुए कहा कि वे बताएं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में किए गए वादों में से कितने पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई कम करने, विदेशों से काला धन वापस लाने, प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये जमा कराने, पेट्रोल-डीजल सस्ता करने, हर साल दो करोड़ रोजगार देने और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादे अब तक पूरे नहीं हो सके हैं।

उन्होंने कहा कि हर घर नल से जल पहुंचाने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने, 100 स्मार्ट सिटी विकसित करने, प्रत्येक सांसद द्वारा एक आदर्श गांव बनाने, सभी बेघर परिवारों को आवास उपलब्ध कराने और देश को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने जैसे दावे भी अधूरे हैं।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि नोटबंदी, जीएसटी और बिना तैयारी के लगाए गए लॉकडाउन ने देश की अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के पीछे सरकार आज तक कोई ठोस कारण नहीं बता सकी है, जबकि इसके कारण व्यापार और रोजगार पर व्यापक असर पड़ा।

उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद छोटे और मझोले व्यवसायियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा और राज्यों की वित्तीय स्थिति भी प्रभावित हुई। कोविड-19 महामारी के दौरान अचानक लगाए गए लॉकडाउन ने करोड़ों लोगों को संकट में डाल दिया।

कांग्रेस ने कृषि क्षेत्र को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। बैज ने कहा कि तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है और न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी दर्जा देने की मांग अब भी लंबित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार देने के बजाय रोजगार के अवसर कम हुए हैं। सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण, विदेश नीति और पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को लेकर भी कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा।

दीपक बैज ने कहा कि नेपाल और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंधों में तनाव देखने को मिला है और सरकार की नीतियों से देश की अंतरराष्ट्रीय छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और भाजपा नेताओं को जमीनी हकीकत को स्वीकार करते हुए जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।