यूट्यूबर ज्योति पर ISI से जासूसी का शक, वॉट्सऐप चैट ने खोले राज़ , NIA कर रही सख्त पूछताछ..

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

हिसार की यूट्यूबर ज्योति के पाक कनेक्शन से हड़कंप, NIA कर रही सख्त पूछताछ

हरियाणा के हिसार से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने का गंभीर आरोप लगा है। वॉट्सऐप चैटिंग के जरिए यह खुलासा हुआ है कि ज्योति के ज़रिए ISI भारत के रॉ एजेंट्स तक पहुंच बनाना चाहती थी।

चैटिंग में पाक खुफिया अधिकारी अली हसन ने कोडवर्ड में ज्योति से पूछा था कि जब वह अटारी बॉर्डर गई थी, तो क्या वहां उसे कोई अंडरकवर पर्सन मिला था? बातचीत के अंदाज से साफ है कि पाकिस्तानी अधिकारी भारत की अंदरूनी सुरक्षा जानकारी जुटाना चाहते थे।

एक मीडिया चैनल को ज्योति और अली हसन के बीच हुई वॉट्सऐप चैट के कुछ हिस्से हाथ लगे हैं। सेना के रिटायर्ड अफसर भी मान रहे हैं कि इस चैटिंग से भारत की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर साजिश की बू आ रही है।

 अब NIA कर रही है गहराई से जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी गंभीरता को देखते हुए अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने केस अपने हाथ में ले लिया है। ज्योति को चंडीगढ़ ले जाया गया है, जहां उससे लगातार पूछताछ चल रही है। वहीं, इंटेलिजेंस ब्यूरो और मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारी भी उसके बयान खंगाल रहे हैं।

ज्योति का दावा है कि उसका ISI से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन सबूत कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं।

 ISI अधिकारी से ऐसे हुई बातचीत की शुरुआत

जांच में सामने आया है कि जब ज्योति पाकिस्तान गई थी, तब अली हसन ने उसके घूमने-ठहरने का इंतजाम किया। 2023 में वीजा लेने के दौरान पाक दूतावास में उसकी मुलाकात दानिश नाम के व्यक्ति से हुई थी। दानिश ने उसे अली हसन से मिलवाया। पाकिस्तान में उसे VIP ट्रीटमेंट मिला—पुलिस सिक्योरिटी से लेकर फाइव स्टार होटल में ठहरने तक।

ज्योति की मुलाकात ISI अधिकारियों शाकिर और राणा शहबाज से भी हुई। उसने शाकिर का नंबर 'जट रंधावा' के नाम से सेव कर लिया ताकि शक न हो।

 वापसी के बाद शुरू हुआ असली खेल

भारत लौटने के बाद ज्योति वॉट्सऐप, स्नैपचैट और टेलीग्राम जैसे माध्यमों से पाक एजेंसियों को सीक्रेट जानकारी भेजने लगी। जांच एजेंसियों को शक है कि वह देश की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ कर रही थी।

 एजेंसियों तक ऐसे पहुँची ज्योति की बात

पंजाब के मालेरकोटला से पकड़ी गई गजाला खातून ने खुलासा किया कि पाकिस्तानी दूतावास में दानिश से मुलाकात हुई थी, जो बाद में उससे खुफिया जानकारी लेता रहा। गजाला ने पूछताछ में बताया कि मालेरकोटला में दानिश का एक और सोर्स है। इसी जांच के दौरान ज्योति का नाम सामने आया।

 मोबाइल खंगाला गया, सीक्रेट लीक का सबूत मिला

13 मई को दानिश को देश छोड़ने का आदेश मिला और 15 मई को पुलिस देर रात ज्योति के घर पहुंची। पुलिस के साथ ज्योति भी थी। पिता हरीश मल्होत्रा के मुताबिक, वह हाथ हिलाकर केवल "मैं ठीक हूं" कह सकी। फिर पुलिस उसे कपड़े लेने के लिए अंदर लाई और लेकर चली गई।

 NIA को पहलगाम हमले से भी जुड़ता दिखा सुराग

NIA को शक है कि ज्योति ने कश्मीर के टूरिस्ट स्पॉट्स जैसे पहलगाम में आतंकियों के लिए रेकी की थी। जनवरी में वह कश्मीर गई और संवेदनशील इलाकों के वीडियो बनाए। एजेंसियों को संदेह है कि ISI को यह जानकारी देने में उसकी भूमिका रही।

 मोबाइल और लैपटॉप से डिलीट डेटा रिकवर किया जा रहा

जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि कहीं वह सीधे आतंकियों को तो जानकारी नहीं भेज रही थी। इसलिए उसका मोबाइल और लैपटॉप खंगाला जा रहा है। डिलीट किया गया डेटा भी रिकवर करने की कोशिश हो रही है।