दुर्ग में आज से स्कूल स्टूडेंट्स का वैक्सीनेशन

त्वरित ख़बरें - जिले भर में 1.5 लाख बच्चों को टीका लगाने का है टारगेट; स्कूलों में सुबह से दिखीं लंबी-लंबी कतारें

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भी सोमवार से 15 से 18 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे इसके लिए सुबह से स्कूल पहुंच गए थे। टीका लगवाने के बाद बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने कहा कि यदि इस कोरोना महामारी सी जीतना है तो टीका लगवाना सबसे जरूरी है। इसलिए हम भी टीका लगवाने पहुंचे हैं। बच्चों ने दूसरे स्टूडेंट्स और समाज के लोगों से भी टीका लगवाने की अपील की है।

केंद्र सरकार ने कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे और फिर बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते पहले ही बच्चों को टीका लगवाने के आदेश जारी किए थे। जिसके बाद छत्तीसगढ़ समेत देशभर में 03 जनवरी से बच्चों को टीका लगना शुरू हो गया है। दुर्ग के ज्यादातर स्कूलों में सुबह से बच्चों की लंबी-लंबी कतारें नजर आईं।

कुछ स्कूलों में बच्चों के पैरेंट्स भी स्कूल पहुंचे थे। बच्चों के पैरेंट्स ने बताया कि जिस तरह से फिर से कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार का ये फैसला सराहनीय है कि बच्चों को भी टीका लगा जाए। हमारे बच्चों की भी स्कूलों में टीक लग रह है। इसलिए हम उनके साथ यहां आए हैं। बच्चों के अभिभावकों ने अन्य लोगों से भी ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण कराने की अपील की है।

1.5 लाख बच्चों को टीका लगाने का है टारगेट

दुर्ग जिले में सभी स्कूलों में सोमवार से टीकाकरण शुरू किया गया है। सुबह से ही स्वास्थ्य विभाग की टीम वैक्सीन लेकर स्कूल पहुंच गई थी। अधिकारियों ने बताया कि 1.5 लाख बच्चों को टीका लगाने का टारगेट रखा गया है। जिले में टीकाकरण को लेकर पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम लगी हुई थी। कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे खुद इसकी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

टीकाकरण के लिए अधिकारी खुद निगरानी भी कर रहे हैं। साथ ही इसकी मॉनीटरिंग भी की जा रही है। बच्चों को वैक्सीन लगाने से पहले ही हेल्थ वर्कर को ट्रेनिंग भी दी गई थी।