भिलाई में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार...

त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

भिलाई। एक दुखद हादसे में, सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। यह हादसा भिलाई-3 के चरोदा क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर के पास बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ। मृतक की पहचान 35 वर्षीय वैभव शर्मा के रूप में की गई है, जो वार्ड नंबर 5, गणेश नगर, जामुल के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, वैभव शर्मा अपनी मोटरसाइकिल (हीरो होंडा स्प्लेंडर, सीजी 07 एलडी 0126) पर किसी काम से चरोदा गए थे। रात के समय, वह चरोदा कालीबाड़ी से हनुमान मंदिर के पास स्थित मिडिल कट से फोरलेन सड़क पार कर रहे थे। तभी रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहे ट्रक (सीजी 17 एलए 5840) ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए और ट्रक के पहिए के नीचे आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।इस हादसे के बाद सड़क पर ट्रक के खड़े होने से भारी जाम लग गया। सूचना मिलने पर भिलाई-3 थाना के टीआई महेश ध्रुव और उनकी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को शास्त्री अस्पताल सुपेला के मरच्यूरी भेजा और दुर्घटना का कारण बने ट्रक को किनारे कर जाम को खोला, जिससे यातायात फिर से सुचारू हो पाया।भिलाई पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है, और मामले की जांच जारी है।