पति को गिरफ्तारी से बचाने महिला विधायक ने घेरा थाना, कहा राजनीतिक षड्यंत्र है.
राजनांदगांव. छुरिया क्षेत्र में रेत परिवहन और आदिवासी युवक से जातिगत गाली-गलौज का मामला कांग्रेस के दो नेताओं के लिए प्रतिष्ठा का सवाल हो गया है। एक तरफ शिकायत करने वाले कांग्रेसी नेता तरुण सिन्हा है, वहीं दूसरी तरफ खुज्जी विधायक छन्नी साहू का पति चंदू साहू है। इस मामले में कांग्रेस का अंदरूनी मामला अब जनता के बीच आ गया है। कुछ दिन पहले वाहन में रेत निकासी कर ले जा रहे कांग्रेसी नेता तरुण सिन्हा के चालक ने विधायक पति चन्दू साहू के खिलाफ छुरिया थाना में जातिगत गाली गलौज करने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने विधायक पति के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
यहां कांग्रेस के दो नेताओं की आपस में ठनी, पति को गिरफ्तारी से बचाने महिला विधायक ने घेरा थाना, कहा राजनीतिक षड्यंत्र है...
शिकायतकर्ताओं पर लगाए गंभीर आरोप
पति के खिलाफ अपराध दर्ज होने के बाद विधायक छन्नी साहू ने मंगलवार को अपने पति को गिरफ्तारी से बचाने क्षेत्र की जनता को लेकर छुरिया पहुंची और शिकायतकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने पति के खिलाफ क्षेत्र के एक कांग्रेसी नेता पर झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने का आरोप लगाया है। बड़ी संख्या में अपने क्षेत्र के लोगों के साथ छुरिया थाने के सामने बैठी विधायक ने संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध कारोबार को रोकने में वह सजग है। इसका खामियाजा उन्हें इस रूप में भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान क्षेत्र की जनता ने भी विधायक का समर्थन किया और पुलिस प्रशासन से दोषियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपा जाने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश बढ़ाई ने कहा कि विधायक के द्वारा ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।