राज्य निर्वाचन आयुक्त की घोषणा ,खैरागढ़ में 20 दिसंबर को होगा मतदान ,राजनांदगांव के वार्ड 17 में भी उपचुनाव,
नगर पालिका चुनाव के लिए बुधवार को बिगुल बज गया। राज्य निर्वाचन आयुक्त की घोषणा के बाद चुनावी क्षेत्रों में आचार संहिता भी लागू हो गई है। जिले में खैरागढ़ नगर पालिका में आम चुनाव होना है। वहीं राजनांदगांव के वार्ड नंबर 17 में उपचुनाव होगा।
बुधवार को ही खैरागढ़ में जिले के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत का दौरा था। उन्हें खैरागढ़ में स्वच्छता सम्मान समारोह सहित छुईखदान इलाके के कार्यक्रमों में शामिल होना था। लेकिन दोपहर 12 बजे आचार संहिता लगते ही प्रभारी मंत्री भगत का नगर में आयोजित कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। हालांकि इस दौरान मंत्री नगर में पहुंच चुके थे। वे पार्टी के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आगे बढ़ गए। इधर प्रभारी मंत्री के दौरे को देखते हुए कांग्रेस ने स्वागत के लिए शहर के मुख्य मार्गों व चौराहों में बैनर पोस्टर लगाए थे, जिसे आचार संहिता प्रभावी होते ही प्रशासनिक टीम ने हटवा दिया। कांग्रेस-भाजपा ने पहले ही चुनावी सक्रियता बढ़ा दी है। शहर के वार्ड नंबर 17 में पार्षद के लिए उपचुनाव होना है। यहां पूर्व महापौर व भाजपा नेत्री शोभा सोनी पार्षद थीं।
27 से शुरू होगा नामांकन कार्य, जानिए कब-क्या
चुनाव के लिए 27 नवंबर से नामांकन शुरू होगा, जो 3 दिसंबर तक चलेगा। 4 दिसंबर को स्क्रूटनी के लिए निर्धारित किया गया है। 6 दिसंबर तक नाम वापसी का दिन निर्धारित किया गया है। इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 20 दिसंबर को सुबह 8 से 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। 23 दिसंबर को मतगणना बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। इस दौरान आचार संहिता का पूरी तरह से पालन करना होगा।
17 हजार मतदाता देंगे वोट, पार्षद दल चुनेगा अध्यक्ष
खैरागढ़ नपा के 21 वार्डों में पार्षद के लिए चुनाव होगा। 20 दिसंबर को होने वाले मतदान में 17094 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। जिसमें 8786 महिला मतदाता और 8308 पुरुष मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पार्षदों के माध्यम से नपा अध्यक्ष का चुनाव होगा। निर्वाचन शाखा ने राजफैमिली वार्ड क्रमांक 04, तुरकारी पारा वार्ड क्रमांक 08, इतवारी बाज़ार वार्ड क्रमांक 09, शहीद निकेश यादव वार्ड क्रमांक 16 व दाउचौरा वार्ड क्रमांक 17 को संवेदनशील वार्डों में शामिल किया गया है। जिला कोषालय अधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि नगर पालिक निगम के लिए जनसंख्या 3 लाख से अधिक होने पर निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा 5 लाख रु., जनसंख्या 3 लाख से कम होने पर निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा 3 लाख, नगर पालिका परिषद के लिए निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा 1 लाख 50 हजार, नगर पंचायत के लिए 50 हजार रुपए राशि निर्धारित की गई है।
जानिए, पालिका अध्यक्ष के लिए इन वार्डों से दावेदारी
पालिका अध्यक्ष का पद पिछड़ा मुक्त है, इसलिए अध्यक्ष भी पिछड़ा बाहुल्य वार्डों से चुने जाएंगे। जातिगत समीकरणों को देखें तो अध्यक्ष टिकरापारा, अमलीपारा, पिपरिया, इतवारी बाज़ार जैसे वार्डों से सामने आ सकता है। वहीं उपाध्यक्ष पद को लेकर काफी जद्दोजहद होने की संभावना है। दोनों प्रमुख दलों की ओर से अब तक अध्यक्ष के प्रत्याशी का चेहरा स्पष्ट नहीं हैं। चुनाव परिणाम के बाद ऐन वक्त अध्यक्ष का पत्ता खोल सकते हैं।
वार्ड 17 के उपचुनाव में 5200 वोटर्स चुनेंगे नया पार्षद
राजनांदगांव शहर के वार्ड 17 में उपचुनाव होगा। इस वार्ड में करीब 5200 वोटर्स अपना नया पार्षद चुनेंगे। पूर्व महापौर शोभा सोनी के निधन के बाद से पद रिक्त था। शहर व प्रदेश के सत्ता में इन दिनों कांग्रेस काबिज है। इस लिहाज से शहर के इस वार्ड में चुनाव जीतना कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। जबकि यह वार्ड काफी समय से भाजपा का गढ़ रहा है। इसी वार्ड से पूर्व सांसद व भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव भी पार्षद रह चुके हैं। इस लिहाज से इस सीट में कांग्रेस व भाजपा के बीच बड़ा मुकाबला होने की संभावना है।
विधानसभा उपचुनाव के पहले सेमीफाइनल भी
खैरागढ़ पालिका चुनाव को एक तरह से विधानसभा उपचुनाव का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है। हाल ही में खैरागढ़ के राजा व विधायक देवव्रत सिंह का आकस्मिक निधन हो गया। इसके बाद अगले 6 माह में इस विधानसभा के लिए भी उपचुनाव होना है। विधानसभा में जीत का बड़ा रास्ता खैरागढ़ नगर के वोटों से ही होकर गुजरता है। इस लिहाज से भी पालिका चुनाव को विधानसभा उपचुनाव के पहले दोनों दल महत्वपूर्ण मान रहे हैं।