छत्तीसगढ़ में मॉब-लिंचिंग की आशंका, ट्रक में मवेशी ले जाने पर जमकर पीटा, 2 युवकों की मौत...

त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

रायपुर. छत्तीसगढ़ से मॉब लिंचिंग की खबर सामने आ रही है. मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात आरंग इलाके में कुछ लोग ट्रक में मवेशी भरकर लेकर जा रहे थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने गाड़ी को देखा और उसकी पीछे करने लगे. फिर भीड़ ने गाड़ी को महानदी के पुल पर ही घेर लिया. इसके बाद कुछ युवकों ने गाड़ी में मौजूद लोगों की जमकर पिटाई शुरू कर दी. मामला बिगड़ता देख एक युवक ने जान बचाने महानदी में ही छलांग लगा दी.एक युवक का शव महानदी में मिला है, तो वहीं बुरी तरह घायल दूसरे युवक ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया. तीसरा युवक भी गंभीर रूप से घायल है. उसका रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पीएम रिपोर्ट आने के बाद भी मौत ही असली वजह सामने आएगी.

उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे युवक

 कुछ युवकों को सूचना मिली थी कि ट्रक से मवेशियों की तस्करी की जा रही है. फिर युवकों ने ट्रक का पीछा किया. ट्रक महानदी पुल के पास जैसे ही पहुंची लोगों ने गाड़ी को ओवरटेक कर लिया. ट्रक में चांद मिया, गुड्डू खान और सद्दाम नाम के युवक सवार थे. गौ तस्करी का आरोप लगाते हुए भीड़ ने उनकी पिटाई शुरू कर दी. हालांकि अभी मौत की असली वजह का पता नहीं चल पाया है.