पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की तरफ से 13 फरवरी से 5 मार्च तक दसवीं की परीक्षाएं आयोजित की गई थी। बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा में इस बार तीन लाख के करीब विद्यार्थी बैठे थे।पहले तीन स्थानों पर लड़कियां रही हैं। लुधियाना के स्कूल तेजा सिंह स्वतंत्र मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल शिमलापुरी की अदिति ने टॉप किया है। दूसरे स्थान पर इसी स्कूल की अलीशा शर्मा रही है। तीसरे स्थान पर बाबा बकाला की करमनप्रीत कौर रहीं। इस बार भी रिजल्ट में लड़कियों ने बाजी मारी है।
इस बार दसवीं में 98.11 फीसदी लड़कियां पास हुई हैं। वहीं लड़कों का पास प्रतिशत 96.47 रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों का परिणाम 97.58 फीसदी रहा। यह अर्बन एरिया के 96.60 फीसदी से अधिक है। पिछले साल दसवीं का परिणाम 97.54 फीसदी रहा था।पंजाब बोर्ड ने 13 फरवरी से 5 मार्च तक दसवीं की परीक्षा आयोजित करवाई थी। करीब तीन लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था। बोर्ड की तरफ से राज्य का पास प्रतिशत और मेरिट सूची जारी की गई है। विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम शुक्रवार सुबह ही देख पाएंगे। बोर्ड के अनुसार इसके लिए विद्यार्थियों को www.pseb.ac.in पर लॉगिन करना होगा। इस संबंध में बोर्ड के सचिव अविकेश गुप्ता ने बताया कि नतीजे जारी कर दिए गए हैं। पीएसईबी ने आज नतीजे घोषित किए हैं। करीब एक हफ्ते के बाद डीएमसी डिजिलॉकर पर उपलब्ध करवाई जाएगी।