दुर्ग का मैदानी इलाका पहाड़ों से ज्यादा ठंडा, रात का पारा सामान्य से 5 डिग्री कम

त्वरित ख़बरें - मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार प्रदेश में शुष्क हवा आने के कारण 9 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

दुर्ग का मैदानी इलाका पहाड़ों से ज्यादा ठंडा, रात का पारा सामान्य से 5 डिग्री कम

उत्तर और उत्तर-पूर्व की ओर से आ रही शुष्क हवा ने रायपुर समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों को ठंडा कर दिया है। यहां अधिकांश जगहों पर रात का तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री नीचे चला गया है। दुर्ग के मैदानी इलाके में इतनी जबर्दस्त ठंड पड़ रही है कि तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे पहुंच गया है। आमतौर पर ऐसी ठंड सरगुजा, जशपुर और बस्तर संभाग के पहाड़ी इलाकों में पड़ती है। मौसम विभाग का कहना है कि रात के तापमान में दुर्ग में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इसी वजह से वहां अचानक इतनी ठंड बढ़ी है।

पिछले तीन-चार दिनों से छत्तीसगढ़ में अच्छी-खासी ठंड महसूस की जा रही है। रात का तापमान लगभग सभी जगह गिरा है। दुर्ग में तापमान 12.6 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से पांच डिग्री तक कम है। तकनीकी दृष्टिकोण से यह शीतलहर चलने की स्थिति है, क्योंकि यदि रात का तापमान सामान्य से पांच या उससे ज्यादा कम रहता है तो उसे शीतलहर माना जाता है। हालांकि मौसम विभाग ने इसकी घोषणा नहीं की है।

दुर्ग से 36 किमी की सड़क दूरी और 28 किमी एरियल डिस्टेंस पर बसे राजनांदगांव में भी अपेक्षाकृत अच्छी ठंड है। यहां रात का तापमान 14 डिग्री है। यह सामान्य से तीन डिग्री तक कम है। राजधानी रायपुर में खासी ठंड पड़ रही है। शाम होते ही मौसम ठंडा हो रहा है हालांकि अभी भी गर्म कपड़ने निकाल लेने वाली स्थिती नहीं बनी है। लेकिन आउटर में रात में इसकी जरूरत महसूस हो रही है। रात 12 बजे और उसके बाद सड़कों पर घूमने वालों की संख्या ठंड ज्यादा पड़ने की वजह से कम होने लगी है।

उत्तरी छत्तीसगढ़ के पेंड्रारोड में रात का तापमान प्रदेश में सबसे कम 12.5 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से तीन डिग्री कम है। बिलासपुर और जगदलपुर में पारा 15 डिग्री के आसपास है। अंबिकापुर में भी तापमान 12.6 डिग्री है, लेकिन तापमान सामान्य से सिर्फ एक डिग्री कम होने के कारण दुर्ग व पेंड्रारोड की तुलना में ज्यादा ठंड वाली स्थिति नहीं कही जा सकती।
दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं हल्के बादल रहेंगे
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार प्रदेश में शुष्क हवा आने के कारण 9 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 10 तारीख से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि के आसार हैं। उत्तरी छत्तीसगढ़ में भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 11 नवम्बर से वृद्धि हो सकती है। 11 से प्रदेश के दक्षिणी भाग के कुछ जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की सम्भावना है।