द केरल स्टोरी पर SC में आज सुनवाई होगी

त्वरित ख़बरें -अभिजीत दुबे रिपोर्टिंग

फिल्म 'द केरल स्टोरी' की रिलीज पर रोक लगाने वाली याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। सोमवार को कोर्ट में मामले की सुनवाई टल गई थी। पत्रकार कुर्बान अली और जमीयत उलेमा ए हिंद ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की है।

बता दें कि 5 मई को केरल हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।


मेरे लिए दर्शकों के सपने हमेशा बड़े थे: अदा

उधर, फिल्म में लीड किरदार में नजर आईं एक्ट्रेस अदा शर्मा ने फिल्म को मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स के लिए दर्शकों को धन्यवाद कहा। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए एक्ट्रेस बोलीं- मैं जो भी फिल्म करती थी, लगता था कि यह मेरी आखिरी फिल्म होगी। अब मुझे लगता है कि मेरे लिए दर्शकों के सपने हमेशा से ही बड़े थे।

मुझे उम्मीद ही नहीं थी कि फिल्म को इस तरह का रिस्पॉन्स मिलेगा। मैं हमेशा से ही अच्छी फिल्में करना चाहती थी, लेकिन पता नहीं था कि मुझे कभी मौका मिलेगा भी या नहीं। कभी-कभी मुझे लगता था कि अच्छी फिल्में करने के लिए मुझे ओम शांति ओम में शाहरुख खान की तरह दोबारा जन्म लेना पड़ेगा।

केरल हाईकोर्ट ने क्या कहा था...

केरल हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार करते हुए कहा था- मूवी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। जस्टिस एन नागरेश और जस्टिस सोफी थॉमस ने कहा कि फिल्म सर्टिफिकेशन बोर्ड ने इसे देखने के बाद ही रिलीज करने की इजाजत दी है। इसमें किसी समुदाय के लिए कुछ भी आपत्तिजनक नहीं दिख रहा।

कोर्ट ने पूछा- किसी भी याचिकाकर्ता ने फिल्म देखी? प्रोड्यूसर कह रहे हैं कि फिल्म कुछ घटनाओं का काल्पनिक वर्जन है। वो उस टीजर को भी सोशल मीडिया से हटाने को राजी हैं, जिसमें 32 हजार महिलाओं के ISIS में शामिल होने की बात है।

सुप्रीम कोर्ट ने पहले क्या कहा था...

केरल हाईकोर्ट से झटका मिलने के बाद फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। याचिकाकर्ताओं की ओर से कोर्ट में सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल पेश हुए। उन्होंने CJI डी वाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की बेंच से मामले की तत्काल सुनवाई करने की अपील की।

बेंच ने पूछा कि क्या हाईकोर्ट ने इस मामले में कोई आदेश पारित किया है। जवाब में एडवोकेट कपिल सिब्बल ने कहा कि उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। SC ने कहा कि फिल्म बनाने के लिए एक्टर्स और प्रोड्यूसर ने मेहनत की है, आपको यह जरूर सोचना चाहिए। आपको फिल्म पर रोक लगाने के मामले में बहुत सावधान रहना चाहिए। अगर यह फिल्म अच्छी नहीं है तो ये बाजार तय कर देगा।

इन राज्यों में टैक्स फ्री हुई फिल्म

'द केरल स्टोरी' को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया गया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश में भी फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया। वहीं, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फिल्म को बैन कर दिया। उधर, तमिलनाडु में सिनेमाघरों के मालिकों ने खुद फिल्म न दिखाने का ऐलान कर दिया था।