यात्रियों का हंगामा दिल्ली की गो एयर फ्लाइट रद होने पर :

त्वरित खबरे :

13 मार्च 2023

पटना  : एयरपोर्ट से नई दिल्ली की गो एयर फ्लाइट रद होने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान यात्रियों और विमान कंपनी के कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद सीआइएसएफ के जवानों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया गया।

वहीं, दूसरी तरफ पटना एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए आने-जाने वाले विमानों का चाल बिगड़ गया। करीब एक दर्जन फ्लाइटें समय से लैंड और टेकआफ नहीं कर पाई। इससे भी यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

गो एयर की फ्लाइट संख्या जी8-144 से दिल्ली जाने वाले वी कौशिक और रितेश कुमार ने बताया कि पटना एयरपोर्ट में प्रवेश करने के काफी देर बाद अचानक विमान रद होने की जानकारी दी गई। इसे दिल्ली के लिए दोपहर 12:10 बजे उड़ान भरना था और वहां ये 1:55 बजे लैंड करता।

काफी देर तक फ्लाइट से संबंधित एनाउसमेंट नहीं हुई और बाद में इसे कैंसिल कर दिया गया। एप पर भी सही जानकारी नहीं मिल रही थी। इसके कारण दिल्ली में उनके कई महत्वपूर्ण कार्य बाधित हो गए। जब कंपनी के कर्मियों से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने गोल-मोल जवाब दिया। इसके कारण लोग आक्रोशित हो गए थे।

इसके अलावा गो एयर की बेंगलुरु-पटना एवं मुंबई-पटना, स्पाइसजेट की पुणे-पटना एवं मुंबई-पटना, इंडिगो की मुंबई-पटना और विस्तारा की दिल्ली-पटना फ्लाइट 10 से 30 मिनट की देरी से पटना एयरपोर्ट पर पहुंचीं। इसी प्रकार गो एयर की पटना-मुंबई, स्पाइसजेट की पटना-पुणे एवं पटना-मुंबई और रात आठ बजे जाने वाली इंडिगो की पटना-बेंगलुरु फ्लाइट आधे घंटे विलंब से टेकआफ हुईं।