राजनांदगाव: छत्तीसगढ़ महिला आयोग ने महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए एक पहल की है। जिसमें महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा l
छत्तीसगढ़ महिला आयोग ने राज्य में महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ यात्रा का आयोजन किया है। इसी तारतम्य में आज जनपद प्रांगण में नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा एवं अन्य प्रतिनिधियों ने महतारी न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया l
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा की रथ राज्य के सभी जिलों में यात्रा करेंगे और लघु फिल्मों, संदेशों और ब्रोशर के माध्यम से लोगों को महिलाओं के लिए कानूनी प्रावधानों और उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में जागरूक करेंगे। "प्रत्येक रथ में दो वकील होंगे, जो महिलाओं की शिकायतों को सुनेंगे और जानकारी और सलाह देंगे। महिलाएं भी इन रथों के माध्यम से महिला आयोग को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए आवेदन जमा कर सकेंगी।" उन्होंने कहा कि एक बड़ी एलईडी स्क्रीन होगी, जिस पर छत्तीसगढ़ी और हिंदी भाषाओं में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत शैक्षिक लघु फिल्में दिखाई जाएंगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी सिन्हा
ने कहा कि शिक्षित या अशिक्षित प्रत्येक महिला को महिला आयोग के बारे में जागरूक होना, प्रासंगिक कानूनों और नियमों के बारे में सूचित करना और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में शिक्षित होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में कानूनी जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हमारी सरकार के द्वारा रथ यात्रा शुरू की गई है l पिछले 4 वर्षों में राज्य सरकार ने महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की सफलता पूरे देश के लिए एक मिसाल बन गई है।