सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो छत्तीसगढ़ के कांकेर के पखांजूर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. पत्नी ने अपने पति के खिलाफ समाज से शिकायत कर दी. इस पर समाज ने बैठक भी बुला ली और वहां जबरदस्ती उसके पति को उठा लाया गया. साथ ही उसके साथी को भी वहां लाया गया. इसके बाद पति को जमकर पीटा गया और उसके साथी को पूरे समाज के सामने जूतों की माला पहनाकर पैर पड़वाया गया. कमलपुर निवासी केनाराम मंडल की पत्नी की मौत के बाद उसने 8 माह पूर्व एक अन्य महिला से शादी कर ली |
पहली पत्नी से केनाराम की 19 साल की पुत्री है. जो मानसिक रूप से कमजोर है. इस बीच दूसरी पत्नी प्रतिमा मंडल ने केनाराम पर यह आरोप लगा दिया कि उसका उसकी बेटी के साथ ही अवैध संबंध है. इसके बाद उसने समाज से पूरे मामले की शिकायत कर दी. समाज के लोगों ने बैठक बुलाकर केनाराम और साथी निर्मल को जबरदस्ती उठाकर ले गए. केनाराम की पिटाई कर दी गई. साथ ही निर्मल को जूताों की माला पहनाई गई और समाज के लोगों से पैर पड़वाकर माफी मंगवाई गई. समाज के लोगों का कहना था कि निर्मल ने केनाराम को अपने घर में छिपाया था, जो गलता है. इसलिए इसे माफी मांगनी चाहिए |
पूरे घटनाक्रम के बाद केनाराम ने भी अपनी बात रखी. तब जाकर समाज के लोगों ने जांच की. फिर पता चला कि पत्नी के आरोप झूठे हैं. इसके बाद समाज के लोगों ने केनाराम की पत्नी को माफी मांगने कहा. जिस पर पत्नी ने माफी मांग ली. इसके बाद केनाराम ने बताया कि मैंने बेटी के साथ अवैध संबंध होने की बात को लेकर पहले ही पत्नी को कहा था कि जहां चाहो वहां से जांच करवा लो.
केनाराम का कहना था पहले ही उसकी बेटी मानसिक रूप से कमजोर और इस बेबुनियाद आरोप से सार्वजनिक बैठक में बेटी की बदनामी होगी. मामले में पुलिस ने प्रविण बनिक, सुमित बनिक, शांतनु हालदार, विश्व सरदार, कोटाई पाल तथा प्रदीप्त बनिक के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है.