कमला कॉलेज में 15 दिवसीय तीरंदाजी प्रशिक्षण का आयोजन

त्वरित ख़बरें - रिपोर्टिंग मुज्जम्मिल खान ब्यूरो प्रमुख राजनंदगांव

राजनांदगांव। शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव के क्रीड़ा विभाग द्वारा 1 दिसंबर से 17 दिसंबर 2022 तक तीरंदाजी खेल का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इस प्रशिक्षण शिविर में शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव एवं शासकीय दिग्विजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव के अलावा स्कूल के छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में भाग ले रहे है। 

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक मिश्रा ने भी छात्राओं को इस खेल में भाग लेने हेतु प्रेरित किया। महाविद्यालय की क्रीडाधिकारी डॉ. नीता एस. नायर ने बताया कि इस खेल में अपार संभावनाएं है। इस खेल का अभ्यास निरन्तर करें तो राष्ट्रीय स्तर तक प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते है। विगत कुछ वर्षो से राजनांदगांव में तीरांदाजी के प्रति छात्र-छात्राओं में रूझान बढ़ा है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्राकृतिक क्षमता होती है और वे इस खेल को बड़ी आसानी से सीख सकते है, चूंकि इस खेल की सामग्री (तीर-धनुष) मंहगे होते है एवं छत्तीसगढ़ में उपलब्ध नहीं है, अतः स्कूलों एवं कॉलेजों में कम छात्र-छात्राएं ही भाग ले पाते है। विगत कई वर्षों से राहुल साहू द्वारा बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडिम में तीरंदाजी का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। परिणाम स्वरूप बहुत से स्कूली बच्चे राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तरीय एवं कॉलेज स्तर पर अखिल भारतीय अंतर विश्व विद्यालयीन प्रतियोगिता में भाग ले चुके है।

इस वर्ष भी शासकीय कमला कॉलेज, राजनादगांव की दो छात्राएं कु. माया बीएससी (होमसाइंस) प्रथम वर्ष एवं कु. अनुसुईया (पीजी योगा) प्रथम सेमेस्टर का चयन भटिंडा (पंजाब) में आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता हेतु हुआ है। इस शिविर का समापन 17 दिसंबर 2022 को होगा एवं सहभागी खिलाड़ियों का प्रमाण पत्र वितरित किए जायेंगे।

--------------------