भारत जोड़ो यात्रा में पहली बार जय-वीरू साथ-साथ :

त्वरित खबरे :

27 नवम्बर 2022

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को पहली बार छत्तीसगढ़ की राजनीति के जय-वीरू यानी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की जोड़ी साथ-साथ नजर आई। दोनों दिग्गज नेता खरगोन जिले के उमरिया चौकी से इंदौर के बलवाड़ा तक राहुल गांधी के साथ-साथ चले। देर शाम महू में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्म स्थली पर छत्तीसगढ़ से ले जाए गए मिट्‌टी-पानी से पौधा रोपण किया गया।

छत्तीसगढ़ से गये अतिथि पदयात्रियों के लिए शनिवार-रविवार का समय तय हुआ था। इसके लिए कांग्रेस नेताओं का जत्थे अलग-अलग समय पर शुक्रवार को ही मध्य प्रदेश पहुंच गये थे। वहां अधिकांश नेता खंडवा के ओंकारेश्वर पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना के बाद सभी आसपास के हाेटलों में ठहरे। राहुल गांधी की भारत जोड़ाे यात्रा सुबह करीब 6 बजे खंडवा जिले के मोरटक्का से शुरू हुई।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा और मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने ओंकारेश्वर में पूजा-अर्चना भी की।

महू में अम्बेडकर स्मारक पर नमन, जनसभा

महू पहुंचकर राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने अम्बेडकर स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इससे बाद सभा को संबोधित किया। उनके साथ मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मुख्यमत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश आदि मौजूद थे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा, आरएसएस और बीजेपी के लोग संविधान को खत्म करना चाहते है। हमने संविधान को बचाने का बीड़ा उठाया है। हम एक जुट होकर देश की एकता और संविधान को बचाएंगे।

पदयात्रा के दौरान इन तीन-चार बच्चों ने राहुल गांधी से मिलकर अपना गुल्लक भेंट किया। मुख्यमंत्री बोले- राम सेतु में नल-नील का विज्ञान और वानर सेना के सामर्थ्य के साथ उस नन्हें गिलहरी का भी योगदान था।

महू से इंदौर होकर गुजरात गए मुख्यमंत्री भूपेश

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महू की जनसभा के बाद इंदौर होकर गुजरात के भावनगर रवाना हो गए। वे रात को भावनगर में रुकेंगे। रविवार को दोपहर वे पालिताणा में वे एक जनसभा को संबाेधित करने वाले हैं। उसके बाद वे महुवा और तालजा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभाओं में कांग्रेस उम्मीदवार को प्रचार करने जाएंगे। देर शाम भावनगर में भी एक जनसभा होनी है। देर रात वे भावनगर से रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे।

आज महू से इंदौर तक की यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा में रविवार को शुरुआत महू से होनी है। यह पदयात्रा इंदौर शहर के बड़ा गणपति चौराहे तक जाएगी। इस पूरी यात्रा में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पदयात्री शामिल रहने वाले हैं। इंदौर में जनसभा के बाद छत्तीसगढ़ के अतिथि पदयात्री रायपुर लौट आएंगे। स्थायी पदयात्री राहुल गांधी के साथ आगे की पदयात्रा में भी शामिल रहने वाले हैं।