किसानों का होता रहा इंतजार ,ब्लॉक के 10 खरीदी केंद्रों में नहीं हुई बोहनी :

त्वरित खबरे :

03 नवम्बर 2022

छग शासन के निर्देशानुसार एक नवंबर से ब्लाॅक की सोसायटियों में धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। लेकिन पहले दिन मंगलवार को ब्लॉक के 11 धान खरीदी केंद्रों में केवल एक ढाढुटोला सोसायटी में ही मात्र छह क्विंटल धान की खरीदी हुई जबकि शेष अन्य केन्द्रों में कोई किसान धान बेचने के लिए सोसाइटी नहीं पहुंचा। धान खरीदी के उद्घाटन के दिन सोसाइटियों में सहकारी समिति के कर्मचारी किसानों का इंतजार करते रहे। लेकिन ब्लाॅक की 10 सोसाइटियों में खरीदी की बोहनी नहीं हो पाई।

इस वर्ष ब्लाॅक के 11 धान खरीदी केंद्र चिल्हाटी, विचारपुर, रेंगाकठेरा, आमाटोला, ढाढुटोला, छछानपाहरी, आतरगांव, आडेझार, कौडीकसा, परसाटोला एवं ब्लॉक मुख्यालय अंबागढ़ चौकी सोसायटी में अन्नदाताओं से धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। सभी सोसाइटियों में धान खरीदी के पहले दिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने केन्द्रों में पहुंचकर पूजा-अर्चना के बाद धान खरीदी का शुभारंभ किया तथा सोसाइटी पहुंचे किसानों का स्वागत किया।

कम्प्यूटर ऑपरेटरों के हाथों में धान खरीदी केंद्र
ब्लाॅक में धान खरीदी केन्द्रों की जवाबदारी ऑपरेटरों के हाथों में है। जानकारी के अनुसार एक नवंबर से ब्लाॅक के सभी सोसाइटी प्रबंधक सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। प्रबंधकों के हड़ताल पर जाने से धान खरीदी केन्द्रों की जवाबदारी प्रशासन ने ऑपरेटरों के हाथों में सौंप रखी है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्रबंधक संतोष शर्मा ने बताया कि सभी धान खरीदी केन्द्रों में खरीदी की पूरी तैयारियां कर ली गई है।

हड़तालियों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही
ब्लाॅक के आठ सोसाइटी प्रबंधक एक नवंबर से हड़ताल पर चले गए हैं। प्रबंधक सूखत की भरपाई उनसे न कराने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा वे सोसाइटी को दिए जाने वाले प्रशासनिक व्यय की राशि बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्रबंधक शर्मा ने बताया कि प्रबंधकों ने विभाग को विधिवत अवकाश या हड़ताल की सूचना नहीं दी है। इसलिए शीर्ष कार्यालय के निर्देश पर सभी प्रबंधकों पर कार्रवाई की तैयारी है।

आडेझार में संसदीय सचिव मंडावी ने किया उद्‌घाटन
ब्लाक के आडेझार धान खरीदी केन्द्र में संसदीय सचिव व मोहला-मानपुर विधायक इन्द्रशाह मंडावी ने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना कर खरीदी का शुभारंभ किया। इस दौरान सोसाइटी पहुंचे किसानों का विधायक ने स्वागत किया। समारोह में विधायक ने कांग्रेस के भूपेश सरकार को गांव, गरीब, मजदूर एवं किसान हितैषी सरकार बताते हुए छग सरकार के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां दी। भूपेश सरकार ने किसानों से जुड़े हर वायदों को पूरा किया है।

हमने किसानों का कर्जा माफ एवं बिजली बिल हाफ किया है और धान को 2500 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीद रहे हैं। जबकि आने वाले वर्ष में किसानों का धान 2800 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर खरीदा जाएगा। प्रदेश सरकार किसानों को आर्थिक दृष्टि से मजबूत बनाने के लिए तरह तरह की योजनाएं चला रही है।