5/सितंबर/2022राजनांदगांव।
राजनांदगांव का नाम दिग्विजय नगर करने क ा अभियान, सफलता की रोज नई इबारत लिख रहा है। शहर से शुरू हुआ यह अभियान देश प्रदेश में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों की नामी गिरामी हस्तियां दिग्विजय नगर को अपना समर्थन दे रही हैं। इस अभियान में आज एक और सुनहरा पन्ना जुड़ गया जब दिग्विजय नगर को छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास जी ने अपना समर्थन दिया है। आज दिग्विजय नगर समिति के अध्यक्ष दुष्यंत दास एवं उनके साथीयों ने राजधानी रायपुर में महंत रामसुंदरजी के कार्यालय में उनसे मुलाकात की और मुहिम के बारे में विस्तार से उन्हें अवगत कराया। इस पर रामसुंदरजी ने उन्हें पूरा समर्थन देते हुए शासन तक इस मांग को ले जाने का भरोसा दिलाया।
विदित हो कि इसके पहले दुष्यंत दास के नेतृत्व में उनकी समिति के पदाधिकारियों ने परिचर्चाओं और संगोष्ठियों का आयेाजन कर शहर के प्रबुद्व नागरिकों, विदुषी महिलाओं, चिकित्सकों, चार्टर्ड एकांउटेंट,अधिवक्ताओं एवं अन्य से दिग्विजय नगर के प्रति समर्थन हासिल कर चुके हैं। सभी ने मुहिम की सराहना करते हुए राजा साहब के सपनों को साकार करने के लिए शहर का नाम दिग्विजय नगर पर अपनी मुहर लगा चुके हैं। नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने भी मुहिम को अपना समर्थन देकर शासन तक इसे ले जाने का वादा किया था। दो माह पूर्व समिति के अध्यक्ष दुष्यंत दास ने राजधानी नई दिल्ली स्थित कांग्रेस भवन में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह से मुलाकात की और उनसे दिग्विजय नगर के लिए अमूल्य समर्थन मांगा था। सिंह ने न केवल दिग्विजय नगर को अपना समर्थन दिया बल्कि इसे सरकार के समक्ष रखने का भी भरोसा दिलाया था।
इसी कड़ी में आज समिति के अध्यक्ष दुष्यंत दास, संजय बहादुर सिंह, गजेंद्र बख्शी, चंदन रूपचंदानी, संजय सिंह राजपूत ने राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष, मंत्री दर्जा प्राप्त महंत रामसुंदर दास से मुलाकात की। सदस्यों ने उनसे राजनांदगंाव का नाम दिग्विजय नगर करने के लिए समर्थन मांगा। इस पर महंतजी ने अपना पूरा समर्थन देते हुए अभियान की तारीफ की। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों को यह भी भरोसा दिलाया कि शासन प्रशासन के समक्ष वे इस मांग को रखेंगे और दिग्विजय नगर को शासकीय रूप में देने में मदद करेंगे।