19/अगस्त /2022
रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेश में “कृष्ण कुंज” की शुरुआत की. इसी कड़ी में सीएम ने शहर के तेलीबांधा में ‘कृष्ण कुंज’ का लोकार्पण किया इस दौरान मुख्यमंत्री ने कृष्ण कुंज में भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना की. उन्होंने इस अवसर पर यहां कदंब का पेड़ लगाकर इस योजना की शुरुआत की.
इस अवसर पर तेलीबांधा में बनाए गए कृष्ण कुंज के 1.68 हेक्टेयर में 383 पौधे रोपित किए गए. जिसमें बरगद, पीपल, कदंब जैसे सांस्कृतिक महत्व के पौधे लगाए शामिल है. कृष्ण कुंज में जीवनोपयोगी आम, इमली, बेर, गंगा इमली, जामुन, शहतूत, तेंदू ,चिरौंजी के भी पौधे लगाए गए. इसके अलावा सीएम ने कृष्ण कुंज के पास शराब दुकान हटाने कलेक्टर को निर्देश दिया.
माताएं अपने बच्चों में सदैब भगवान कृष्ण को देखती हैं – सीएम
इस अवसर पर सीएम ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान कृष्ण के माखनचोर, रणछोड़, द्वारिकाधीश अनेक नाम हैं, माताएं अपने बच्चों को सदैव भगवान कृष्ण के रूप में देखती हैं. कृष्ण के अनेक रूप हैं. हमारे छत्तीसगढ़ में बच्चे सबसे पहला कोई उपवास रखते हैं तो वह जन्माष्टमी का होता है. छत्तीसगढ़ में हमने गौपालन का कार्य शुरू किया है. गांव और शहर में गौठान बना रहे हैं, गोबर और गौमूत्र खरीदने का कार्य भी कर रहे हैं. गौमाता की सेवा के साथ स्वच्छता का कार्य भी सरकार कर रही है.