18 /अगस्त /2022
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव में पत्रकारों के लिए आबंटित आवासीय भूखंड में आवश्यक विकास कार्यों के लिए एक करोड़ 80 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री बघेल ने अपने निवास कार्यालय में मंगलवार को प्रेस क्लब राजनांदगांव द्वारा आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब राजनांदगांव में 75 लाख रुपए की लागत से विस्तारित भवन का लोकार्पण करने सहित पत्रकार कॉलोनी का भूमिपूजन किया। साथ ही उन्होंने राजनांदगांव के 141 पत्रकारों को आवासीय भूमि के दस्तावेज का वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में पत्रकारों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मिले, उनका तथा उनके परिजनों का जीवन सुगम हो। इसके लिए हमने राज्य में पत्रकारों के कल्याण के लिए हर जरूरी कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि एक पत्रकार का काम बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है कि आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हुए अपने परिजनों के प्रति भी अपने कर्तव्यों को पूरा करें। लोगों तक सूचनाएं पहुंचाने की भागमभाग में पत्रकार को अपने परिजनों के लिए समय पर जरूरी चीजों का इंतजाम करना भी कठिन हो जाता है।
शासन ने अपनी इस जिम्मेदारी को महसूस किया कि पत्रकारों के जीवन की कठिनाइयों को कम किया जा सके, ताकि वे निश्चिंत होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ युवा आयोग जितेंद्र मुदलियार, अध्यक्ष राजगामी सम्पदा न्यास विवेक वासनिक, प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, नगर निगम आयुक्त डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम अरूण वर्मा, उप संचालक जनसंपर्क डॉ.उषा किरण बड़ाईक, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता मौजूद रहे।