1/अगस्त/2022
पंजाब में कोरोना से 2 लोगों ने दम तोड़ दिया। यह मौतें लुधियाना और जालंधर में हुई। वहीं पटियाला की डिप्टी कमिश्नर (DC) साक्षी साहनी भी कोविड पॉजिटिव हो गई हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी।
इससे पहले जेल एवं शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री अनमोल गगन मान और डिप्टी स्पीकर जयकिशन रोड़ी भी पॉजिटिव हो चुके हैं। पंजाब के लिहाज से चिंताजनक बात यह है कि 102 मरीज लाइफ सेविंग सपोर्ट पर पहुंच चुके हैं। इनमें 86 ऑक्सीजन, 14 ICU और 2 वैंटिलेटर पर हैं।
चौबीस घंटे में 467 मरीज, 3 हजार से ज्यादा एक्टिव केस
राज्य में पिछले चौबीस घंटे में 467 मरीज मिले हैं। जिसके बाद एक्टिव केस 3,121 हो चुके हैं। सबसे ज्यादा 75 मरीज जालंधर, मोहाली में 63, लुधियाना में 46, पटियाला में 37 मरीज मिले हैं। पंजाब का पॉजीटिविटी रेट 4.68% पहुंच चुका है। रविवार को 10,591 सैंपल लिए गए जबकि 9974 की कोविड टेस्टिंग की गई।
कांग्रेस बोली- सरकार ध्यान दे
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राज्य सरकार को कोरोना की स्थिति पर अलर्ट किया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में मास्क अनिवार्य करने का उदाहरण देते हुए कहा कि देश्श में बढ़े कोविड केसों से सावधान होने की जरूरत है। पंजाब सरकार को सतर्क होना चाहिए ताकि कहीं बहुत देर न हो जाए। मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।