राजनांदगांव, 3 / जून / 2022। नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद किशोर गुप्ता का 2 जून को सुबह रायपुर में निधन हो गया। वे 69 वर्ष के थे।
सहकारिता मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले गुप्ता धर्मनिष्ठ एवं मिलनसार थे। वे समाजसेवा तथा अग्रहरि वैश्य समाज के कार्यक्रमों में सदैव आगे रहते थे। ठंड के मौसम में गरीबों को कंबल, चादर बांटना तथा अन्य तरह के सहयोग करना आदि कार्यों में उन्हें काफी शांति मिलती थी। गुप्ता अपने पीछे पत्नी तीन पुत्रियों प्रियंका, पल्लवी और डॉ. नेहा गुप्ता का भरापूरा परिवार छोड़ गए। डॉ. नेहा गुप्ता दुर्ग में स्थायी लोक अदालत की मेम्बर है।
आज अपरान्ह तीन बजे उनकी अंतिम यात्रा हलवाई लाइन स्थित उनके निवास स्थान से लखोली मुक्तिधाम के लिए निकली। मुक्तिधाम में उनकी छोटी पुत्री डॉ. नेहा गुप्ता ने मुखाग्नि दी। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशान्त तिवारी, नरेन्द्र चौरसिया, राजकुमार शर्मा, गजेन्द्र बख्शी, प्रमोद मोहबे, पोषण शुक्ला, अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष मनोज चौधरी, शासकीय अधिवक्ता नारायण कन्नौजे एवं परवेज अख्तर, विमल हजारा, प्रवीण मल्ल, चंद्रपाल पवार, चुन्नीलाल पंसारी, वरिष्ठ कांगे्रस नेता उमेश जोशी, राजेन्द्र चौरसिया, मुरारी चौरसिया, पूर्व महापौर अजीत जैन, गणेश खोब्रागढ़े सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, समाज के लोग एवं व्यापारीगण परिजन तथा ईष्ट मित्रों सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अंतिम संस्कार पश्चात मुक्तिधाम में मृतात्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन गया, जिसमें उनके जीवन शैली, धर्मनिष्ठा को रेखांकित कर उपस्थितजनों ने दो मिनट की मौन शोकांजलि अर्पित की। शोकसभा का संचालन सुशील अग्रहरि ने किया।