रायपुर 5 मई 2022
मार्च व अप्रैल में भीषण गर्मी के बाद मई के 5 दिन हल्की राहत वाले रहे हैं। शुक्रवार से तापमान फिर बढ़ने लगेगा। हालांकि अभी राजधानी समेत दूसरे क्षेत्रों में एक-दो दिन लू जैसे हालात नहीं बनेंगे। इसके बाद लू चल सकती है। बस्तर के अलावा सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर अंधड़ के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मई के 5 दिन गुजर चुके हैं। इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर भीषण गर्मी तो पड़ रही है, लेकिन लू नहीं चल रही है। इस कारण लोगों को बड़ी राहत है। गुरुवार को ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान 1 से 4 डिग्री तक बढ़ गया। जगदलपुर में सबसे ज्यादा 4 डिग्री पारा चढ़ा। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की वृद्धि हुई।
हालांकि यह सामान्य ही है। दूसरी ओर रायपुर व माना में न्यूनतम तापमान आधा से दो डिग्री तक बढ़ गया। मुंगेली अभी भी प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म है। वहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री तक कम हो गया। इसलिए वहां रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम हो गया।
बिलासपुर संभाग के ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट हुई। प्रदेश में सबसे कम तापमान डूमरबहार व कोरिया में 21.5 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में उत्तर से गर्म व शुष्क हवा आ रही है।
जबकि बस्तर संभाग में दक्षिण से नमीयुक्त हवा आ रही है। यह ट्रेंड पिछले एक माह से बना हुआ है। इस कारण प्रदेश के तीन चौथाई से ज्यादा हिस्से में भीषण गर्मी तो दक्षिण हिस्से में राहत है। दो द्रोणिका व एक ऊपरी हवा के चक्रवात का असर कुछ कम हुआ है। हालांकि यह पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
देवभोग में तेज बारिश
पिछले 24 घंटे में देवभोग में तेज बारिश हुई और 30 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। इसी तरह भैयाथान व ओड़गी में भी अच्छी बारिश हुई। प्रदेश के कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई और बौछारें पड़ीं।