नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ेगा दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे, मिली मंजूरी

त्वरित ख़बरें -

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ेगा दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे, मिली मंजूरी

दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे को जेवर में बनने वाले इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने की सैद्धांतिक मंजूरी मिली गई है। इसके साथ ही जेवर एयरपोर्ट को एक और कनेक्टिविटी मिल जाएगी। बल्लभगढ़ से जेवर तक 31 किलोमीटर हाईवे बनाया जाएगा जिसमें 24 किलोमीटर का हिस्सा हरियाणा में और 7 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा। एनएचएआई ने हरियाणा के हिस्से की जमीन खरीदने की सहमति दे दी है जबकि उत्तर प्रदेश अपने हिस्से की जमीन खरीदकर देगा। 

हरियाणा के बल्लभगढ़ से जेवर तक बनने वाले इस 31 किलोमीटर हाईवे का खर्च दोनों राज्यों की सरकार आधा-आधा वहन करेंगी। इससे पहले जिस राज्य में जितनी जमीन आती है, वहां की सरकार को उतना खर्च वहन करने का प्रस्ताव था, लेकिन हरियाणा सरकार इससे सहमत नहीं थी। हरियाणा क्षेत्र में 24 किमी और उत्तर प्रदेश में सात किमी का क्षेत्र है। हरियाणा सरकार का कहना था कि जेवर में एयरपोर्ट बनने के कारण एक्सप्रेसवे का अधिक लाभ उत्तर प्रदेश सरकार को होगा। इस कारण हरियाणा सरकार ने इस पर सहमति नहीं जताई थी। अब सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार एक्सप्रेसवे के आधे-आधे खर्च पर राजी हो गई हैं।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 2023 में कर सकेंगे सफर
केंद्र सरकार का पिछले महीने दावा है कि आठ लेन वाला दिल्ली-मुंबई ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य 2023 में पूरा कर लिया जाएगा। वर्तमान में 350 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे का काम पूरा कर लिया गया है और 825 किलोमीटर पर कार्य प्रगति पर है। नए एक्सप्रेस-वे के बनने से दिल्ली से मुंबई सड़क मार्ग की दूरी कम हो जाएगी। वर्तमान में दिल्ली-मुंबई की सड़क से 1450 किलोमीटर की दूरी है। नए एक्सप्रेस-वे से यह दूरी घटकर 1350 रह जाएगी।