बजट पर चर्चा:संपत्तिकर में छूट की अनुशंसा, मोतीतालाब के सौंदर्यीकरण में खर्च होंगे 50 लाख, बनाएंगे छठ घाट

त्वरित खबरे

राजनांदगांव २२ अप्रैल 



नगर निगम में जल्द ही वर्ष 2022-23 का बजट पेश किया जाएगा। महापौर हेमा देशमुख की अध्यक्षता में हुई महापौर परिषद की बैठक में बजट पर चर्चा करने के बाद अनुशंसा कर इसके सामान्य सभा के लिए भेज दिया गया है। बजट के साथ ही शहर के विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई और निर्णय लिए गए। 50 लाख रुपए की लागत से मोती तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। डीएमएफ मद से यह कार्य होगा। एमआईसी में इसकी अनुशंसा कर दी गई है। इसी तरह पेंड्री मेडिकल काॅलेज से मुक्तिधाम तक 350 मीटर सीमेंट रोड, नाली निर्माण तथा विद्युतीकरण का कार्य भी किया जाएगा।

महापौर देशमुख ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए बजट के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए अनुशंसा सहित स्वीकृति के लिए सामान्यसभा को प्रेषित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजनांतर्गत पत्र हितग्राहियों को सहायता राशि भुगतान किए जाने की स्वीकृति तथा लोक सेवा केन्द्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन के पात्र आवेदनों की अनुशंसा सहित स्वीकृति के लिए सामान्य सभा को अग्रेषित किया गया।

बाजार नीलामी पर निर्णय
वित्तीय वर्ष 2022-23 में संपत्तिकर में नियमानुसार छूट की स्वीकृति तथा मवेशी बाजार नीलामी में प्राप्त उच्चतम बोली की स्वीकृति प्रदान की गई तथा 15वें वित्त आयोग अंतर्गत म्यूनिसिपल साॅलिड वेस्ट डिस्पोजल के संबंध में कार्य योजना शासन को भेजे जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही 15वें वित्त आयोग अंतर्गत पेंड्री मेडिकल काॅलेज से मुक्तिधाम तक 350 मीटर सीमेंट रोड व नाली निर्माण तथा विद्युतीकरण कार्य के लिए दो चरण में 99.90 लाख - 99.90 लाख की निविदा मंगाए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।

समस्या जल्द दूर करें
बैठक के दौरान एमआईसी मेंबरों की ओर से शहर में हो रही पेयजल संबंधी समस्या को भी सामने रखा गया। इस पर अफसरों को निर्देशित किया गया कि इस भीषण गर्मी में जहां से भी पानी कम आने की शिकायत मिल रही है, वहां तत्काल टीम भेजकर समस्या का निराकरण करेंगे। पार्षदों ने बताया कि कुछ जगहों पर पानी कम आने की शिकायत बनी हुई है।

इस पर अफसर गंभीरता से ध्यान देंगे। एमआईसी मेंबरों की ओर से अपने वार्ड की समस्याओं को भी सामने रखा गया। वार्ड में नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के साथ बारिश के पहले बड़े नालों की सफाई क्रमवार कराने भी चर्चा की गई। मेंबरों से स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के भी सुझाव दिए। वार्ड स्तर की सड़कों के मेंटेनेंस के साथ टूट-फूट वाली नालियों की मरम्मत कराने निर्देश दिए।

यहां सौंदर्यीकरण होगा
एमआईसी में इसके अलावा डीएमएफ मद अंतर्गत मोती तालाब सौंदर्यीकरण कार्य के लिए स्वीकृत राशि 50.00 लाख की न्यूनतम दर की राशि से छठ घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक मेें महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य मधुकर बंजारी, सतीश मसीह, संतोष पिल्ले, विनय झा, भागचंद साहू,गणेश पवार, राजा तिवारी, दुलारी बाई साहू, राजेश गुप्ता चंपू, आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुवेदी, उपायुक्त सुदेश कुमार सिंह,कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके, स्वास्थ्य अधिकारी अजय यादव, समाज कल्याण अधिकारी भूपेन्द्र वाडेकर, लेखापाल राकेश नंदे, प्रभारी कार्यालय अधीक्षक अशोक चौबे सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे।