राजनांदगांव २२ अप्रैल
बारात में नाच रहे चार कुख्यात नक्सलियों को गढ़चिरौली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों पर कुल 18 लाख रुपए का इनाम था, इनमें एक महिला भी शामिल हैं। सभी एक नक्सल समर्थक के शादी में शामिल होने आए थे।
गढ़चिरौली पुलिस ने बताया कि 21 अप्रैल की शाम भामरागढ़ इलाके के एक गांव में नक्सली शादी में शामिल होने आए थे। जिसकी सूचना पुलिस टीम को मुखबिर से मिली थी। पुलिस ने पूरे गांव की घेराबंदी कर रखी थी। महिला सहित चारों नक्सली शादी में निकली बारात में जमकर थिरक रहे थे।
इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि पकड़े गए नक्सलियों की पहचान बापू उर्फ रामजी वड्डे, मारोती उर्फ मानिक, सुमन उर्फ जन्नी और अजीत उर्फ भरत के रुप में हुई है।
नक्सल संगठन को झटका
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली बापू और मारोती एरिया कमेटी मेंबर थे, बापू पर 8 लाख और मारोती पर 6 लाख रुपए का इनाम था। वहीं सुमन और अजीत पर 2-2 लाख रुपए का इनाम घोषित था। टीसीओसी कैंप के दौरान नक्सलियों की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। वहीं इस गिरफ्तारी से नक्सल संगठन को भी बड़ा झटका लगा है। नक्सली बापू और मारोती कांकेर बॉर्डर के हिस्से में कई हिंसक वारदातों में शामिल रहे हैं।