भिलाई-बाइक अड़ा कर साइकिल सवार से चाकू की नोंक पर मोबाइल लूटने की कोशिश करने वाले अनूप भसाकरे को कोर्ट ने 7 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। फैसला जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव के कोर्ट से आया। आरोपी पर 1 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया।
लोक अभियोजक बालमुकुंद चंद्राकर ने बताया कि घटना जेवरा सिरसा पुलिस चौकी इलाके की है। 29 जनवरी 2021 को रात 10 बजे पीड़ित देवेंद्र साहू निवासी जेवरा ने साइकिल से चिखली से जेवरा जा रहा था। बाजार चौक जेवरा सिरसा के पास बाइक सवार दोनों आरोपियों ने उसकी साइकिल के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद आरोपी अनूप बाइक से उतरा और चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान जेवरा पुलिस चौकी की पेट्रोलिंग टीम मौके पर आ गई। तीन पुलिसकर्मियों ने आरोपी अनूप को पकड़ा। उसका साथी अभिमन्यू बाइक लेकर फरार हो गया। घटना के बाद से दूसरा आरोपी अब भी फरार है। आरोपी के विरुद्ध धारा 393, 398 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर प्रकरण न्यायालय में विचारण के लिए प्रस्तुत किया। जहां से आरोपी पर दोष सिद्ध पाया गया। इसके आधार पर सजा सुनाई गई।