बीएसपी कर्मीयों का बोरिया गेट पर आन्दोलन

त्वरित ख़बरें - आन्दोलन के दौरान इंटक के पदाधिकारी सहित अन्य सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे, सदस्यों ने इंटक के झंडे लहराए,

स्टील इम्प्लाइज यूनियन इंटक ने सेल कर्मचारियों के अधूरे वेतन समझौता, ग्रेज्युटी सीलिंग और अन्य मांगों को लेकर बीएसपी के बोरिया गेट के सामने प्रदर्शन किया। इंटक ने बीएसपी कर्मचारियों के 1 जनवरी 2017 से लंबित वेतन समझौते को जल्द पूरा करने की मांग रखी। प्रदर्शन के दौरान इंटक के पदाधिकारी सहित अन्य सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे। सदस्यों ने इंटक के झंडे लहराए।

यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि सेल कर्मचारियों का वेतन समझौता आज भी अधूरा है। उन्हें सिर्फ एमजीबी और पर्क्स दिया गया है। इसके अलावा बचे भत्तों और अन्य सुविधाओं पर कोई फैसला नहीं हुआ है। इससे सेल की सभी इकाइयों सहित बीएसपी कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक संघर्ष करते रहेंगे।

सेल कर्मियों का पे स्केल ओपन एंडेड करे प्रबंधन

इंटक ने प्रदर्शन के दौरान इस मांग पर जोर दिया कि सेल कर्मियों को पे स्केल ओपन एंडेड हो। ऐसा होने से सेल के सभी कर्मियों को लाभ होगा। वहीं एकतरफा ग्रेज्युटी सीलिंग का आदेश वापस लेने की मांग भी की गई। पर्क के एरियर का भुगतान सेल के कर्मियों को जल्द किया जाए ताकि उन्हें हो रहे आर्थिक नुकसान की भरपाई हो।

कर्मियों का निलंबन एवं ट्रांसफर आदेश हो वापस

इंटक ने वेतन समझौते के दौरान प्रदर्शन में शामिल रहे कर्मियों को निलंबित और स्थानांतरित किए जाने के आदेश को वापस लेने की भी मांग की। ठेका श्रमिकों का तत्काल वेतन समझौता किया जाए। वहीं उनका न्यूनतम वेतन 25000 रुपए किया जाए। स्थायी एवं अस्थायी प्रकृति के कार्यों में ठेका कर्मियों की नियुक्ति पर रोक लगाए जाने की  मांग की।

सम्मानजनक पदनाम की रही गूंज, जल्द पूरा करें

प्रदर्शन में सेल के कर्मचारियों को सम्मानजनक पदनाम देने की गूंज रही। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मियों को सम्मानजनक पदनाम दिया जाए। अलग-अलग ग्रेड के कर्मियों को पदनाम बदला जाए ताकि ये सम्मान जनित लगे। पदाधिकारियों ने सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात उद्योगों का किसी भी रूप में निजीकरण नहीं करने की मांग रखी। प्रदर्शन में पीयूष कर, आरती अग्रवाल, पूरण वर्मा, एसके बघेल, सुनील कुमार खिचरिया, मदनलाल सिन्हा, सच्चिदानंद पांडे, संजय कुमार साहू, चंद्रशेखर, पी वी राव, वंश बहादुर सिंह, तुरिंदरसिंह, दीनानाथ सिंह सार्वा, विपिन बिहारी मिश्रा आदि मौजूद रहे।